नई दिल्ली: एशेज सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान और प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण 21 नवंबर से पर्थ में शुरू हो रहे पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उनकी पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर होने की संभावना है। ऐसे में टीम में नेतृत्व की जिम्मेदारी स्टीव स्मिथ को सौंपी जा सकती है, जो इंग्लैंड के खिलाफ संभावित कार्यवाहक कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व कर सकते हैं।
एशेज सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से होगी
पैट कमिंस के बाहर होने का मतलब है कि गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव होगा। एशेज की शुरुआत 21 नवंबर से पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से होगी। सीरीज का आखिरी मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 04 से 08 जनवरी 2026 के बीच खेला जाना है।
स्कैन रिपोर्ट में गंभीर चिंता का संकेत
पैट कमिंस कैरेबियन दौरे (जुलाई 2025) के बाद से पीठ की तकलीफ से जूझ रहे हैं। हाल ही में कराए गए स्कैन में पता चला कि उनकी कमर की हड्डी पर मौजूद स्ट्रेस हॉट स्पॉट पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है। डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि इस समय वह गेंदबाज़ी करने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।
स्टीव स्मिथ को मिल सकती है कप्तानी की जिम्मेदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर पैट कमिंस पूरी सीरीज से बाहर रहते हैं तो स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभाल सकते हैं। वहीं गेंदबाजी आक्रमण में स्कॉट बोलैंड को मौका मिल सकता है। उनके साथ मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन लगभग तय माने जा रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर बड़ा धक्का
पैट कमिंस का बाहर होना ऑस्ट्रेलिया की एशेज उम्मीदों को तगड़ा झटका है। ऑस्ट्रेलिया का 2018 से एशेज ट्रॉफी पर कब्जा है, लेकिन इस बार इंग्लैंड के खिलाफ चुनौती और कठिन मानी जा रही है।
पैट कमिंस ने खुद साझा की अपनी वापसी की समय सीमा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले महीने पैट कमिंस ने कहा था कि वह कम से कम सीरीज से एक महीने या छह हफ्ते पहले गेंदबाजी शुरू करना चाहेंगे। फिलहाल वह रनिंग और बॉलिंग से पूरी तरह दूर हैं और धीरे-धीरे रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं।
पूर्व कप्तान ने भी जताई गंभीर चिंता
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर ने हाल ही में पैट कमिंस की तैयारी की कमी पर बात की थी और कहा था कि यह ‘थोड़ी चिंता’ वाली बात होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मार्क टेलर ने कहा, ‘पैट बिल्कुल सही कह रहे हैं कि वह इसे कम करके आंक रहे हैं क्योंकि उनका कहना है कि वह सभी पांच टेस्ट मैच खेलेंगे, लेकिन इस हफ्ते वह कह रहे हैं कि वह कोई भी प्री-अप मैच नहीं खेलेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘यह अपने आप में चिंता की बात है, उनकी पीठ में एक हॉट स्पॉट है, वह इसका परीक्षण कैसे करेंगे? मुझे पता है कि वह नेट्स और जिम में वर्कआउट करेंगे, लेकिन मैच ही वह जगह है जहां आपको वह अतिरिक्त यार्ड मिलता है, वह अतिरिक्त एड्रेनालाईन मिलता है, यह देखना दिलचस्प होगा कि वह कैसा प्रदर्शन करते हैं।’
ब्रेट ली ने कहा- पूरी तरह फिट होने पर ही खेलेंगे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने हाल ही में बताया कि पैट कमिंस को खेलने से पहले पूरी तरह फिट होना बहुत जरूरी है, चाहे इसके लिए उन्हें कई एशेज टेस्ट मैच मिस क्यों न करने पड़ें। ली ने कहा कि टीम के मुख्य तेज गेंदबाज और कप्तान का पूर्ण रूप से स्वस्थ होना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि बेहतर होगा कि कमिंस पूरी फिटनेस हासिल करने तक इंतजार करें, क्योंकि अगर उन्हें पहले टेस्ट में 80 या 90 प्रतिशत फिटनेस के साथ खेलाया गया और उनकी पीठ फिर से चोटिल हो गई, तो वह पूरे सीजन के लिए मैदान से बाहर हो सकते हैं। इसलिए, संयम से ही टीम की दीर्घकालिक सफलता सुनिश्चित की जा सकती है।

