28.5 C
New Delhi
Tuesday, March 10, 2026

ऑस्ट्रेलियाई टीम में हलचल: पैट कमिंस एशेज के पहले टेस्ट से बाहर, पर्थ में इस खिलाड़ी को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी

नई दिल्ली : इंग्लैंड के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के चलते पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में अनुभवी बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ को टीम की कमान सौंपी गई है। स्मिथ 21 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले इस मुकाबले में कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे। ब्रिस्बेन में दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से शुरू होगा। इस टेस्ट में भी कमिंस के खेलने पर संशय है। इस महीने की शुरुआत में जब यह खबर आई कि सितंबर में कैरेबियाई दौरे से लौटने के बाद उन्हें तकलीफ हुई थी तब से ही कमिंस के एशेज के पहले टेस्ट में न खेल पाने की कयास लगाए जा रहे थे।

कमिंस की चोट बढ़ी, अब तक नहीं की गेंदबाजी

सितंबर में पैट कमिंस को लम्बर स्ट्रेस इंजरी (पीठ की चोट) का पता चलने के बाद से उन्होंने अब तक गेंदबाजी की शुरुआत नहीं की है। हालांकि, उनकी रिकवरी प्रक्रिया में सुधार दिख रहा है। कमिंस ने हाल ही में दौड़ना शुरू कर दिया है, और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार (26 अक्टूबर) को जारी अपने बयान में कहा कि उन्हें जल्द ही गेंदबाजी शुरू करने की उम्मीद है।

कमिंस को दूसरा टेस्ट खेलने के लिए साढ़े पांच साल करना पड़ा इंतजार

कुछ हफ्ते पहले कमिंस ने खुद माना था कि पहले टेस्ट के लिए फिट होना मुश्किल हो सकता है। कमिंस को अपने करियर की शुरुआत में भी पीठ में चोट लगी थी। इससे वह पहला टेस्ट खेलने के बाद साढ़े पांच साल तक सफेद जर्सी में नहीं दिखे। इसके बाद से उनका फिटनेस रिकॉर्ड बहुत शानदार रहा है।

कप्तान के रूप में स्टीव स्मिथ का बेहतरीन रिकॉर्ड

स्टीव स्मिथ ने 2021 से अब तक पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में छह मौकों पर ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की है, जिनमें से टीम ने पांच मैचों में जीत दर्ज की है। इन जीतों में 2021-22 एशेज सीरीज का एक अहम मुकाबला भी शामिल है। उस दौरान कमिंस एडिलेड टेस्ट में कोविड संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आ गए थे, जिसके चलते उन्हें बाहर रहना पड़ा था। इस बार भी कमिंस की अनुपलब्धता में पहले टेस्ट में स्कॉट बोलैंड के खेलने की संभावना पक्की मानी जा रही है।

अगले हफ्ते घोषित की जाएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम

वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले टेस्ट मैच में स्कॉट बोलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक झटकी थी। अब शेफील्ड शील्ड के तीसरे राउंड के बाद अगले हफ्ते पहले एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। पैट कमिंस ने पहले ही स्पष्ट किया था कि अगर वह पहले टेस्ट में खेलने के लिए फिट नहीं हो पाए, तब भी वह टीम के साथ यात्रा करेंगे और स्क्वॉड का हिस्सा बने रहेंगे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles