नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका को उसी की सरज़मीं पर 3-0 से करारी शिकस्त देकर क्लीन स्वीप किया। इस सीरीज में वैभव ने न सिर्फ बल्लेबाजी से बल्कि कप्तान के तौर पर भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए बल्ले से जमकर रन बनाए और सीरीज के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
वैभव का धमाकेदार दोहरा शतक: 110 गेंदों में बनाए 206 रन
इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में वैभव का बल्ला नहीं चला, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा। इसके बाद तीसरे मुकाबले में वैभव ने बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर अपनी फॉर्म का शानदार प्रदर्शन किया। सीरीज के तीन मैचों की तीन पारियों में उन्होंने कुल 110 गेंदों का सामना करते हुए 206 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 68.66 और स्ट्राइक रेट 187.27 रहा। वैभव के बल्ले से एक अर्धशतक और एक शतक निकला, साथ ही उन्होंने 12 चौके और 20 छक्के भी जड़े।
इस वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर जेसन राउल्स रहे जिन्होंने 3 मैचों में एक शतक की मदद से 149 रन बनाए जबकि तीसरे स्थान पर भारतीय ओपनर एरोन जॉर्ज रहे जिन्होंने 3 मैचों में एक शतक की मदद से 143 रन बनाए। चौथे स्थान पर 3 मैचों में 95 रन बनाकर हरवंश पंघालिया रहे जबकि पांचवें नंबर पर अभिज्ञान कुंडू 3 मैचों में 90 रन बनाकर मौजूद रहे।
इस वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज भी वैभव सूर्यवंशी ही रहे। उन्होंने तीन मैचों में कुल 20 छक्के लगाए। जेसन राउल्स तीन मुकाबलों में 6 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि खिलान पटेल ने दो मैचों में 3 छक्के लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, चौकों के मामले में एरोन जॉर्ज सबसे आगे रहे, जिन्होंने तीन मैचों में कुल 20 चौके जमाए। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने भी तीन मैचों में 12 चौके लगाए।

