अंडर-19 वर्ल्ड कप में आयुष म्हात्रे का संघर्ष जारी, पिछली 9 पारियों में सिर्फ 17 के औसत से रन

0

नई दिल्ली : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे लगातार दूसरे मैच में सस्ते में आउट हो गए। अमेरिका के खिलाफ 19 रन बनाने के बाद वह बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ 6 रन ही बना सके। चोट से उबरकर अंडर-19 वर्ल्ड कप में लौटे मुंबई के इस ओपनर बल्लेबाज का प्रदर्शन लंबे समय से निराशाजनक रहा है। अंडर-19 एशिया कप में भी वह खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अपनी पिछली 9 पारियों में महज 17 के औसत से रन बनाए हैं।

बारिश के कारण देरी से शुरू हुए मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी के साथ आयुष म्हात्रे पारी की शुरुआत करने उतरे। म्हात्रे ने अल फहद के पहले ओवर को मेडन खेला। इसके बाद दूसरे ओवर में उन्होंने इकबाल होसेन इमोन की चौथी गेंद पर चौका लगाया। अल फहद के अगले ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने दो रन बटोरे, लेकिन उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर इनफील्ड के ऊपर से शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए। उनका कैच कलाम सिद्दीकी अलीन ने लपका। आयुष म्हात्रे ने 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 6 रन बनाए।

आयुष म्हात्रे का खराब प्रदर्शन जारी

आयुष म्हात्रे ने पिछली 9 पारियों में 17.89 के औसत से 161 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 49 है, जिसे उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप वॉर्म अप मैच में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। वह 4 पारियों में दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं। केवल दो बार 30 का आंकड़ा पार कर पाए हैं। आयुष ने पिछली 9 पारियों में 4,38,14,7,2,22,49,19 और 6 रन बनाए हैं।

किस टीम के खिलाफ आयुष म्हात्रे ने कितने रन बनाए?

आयुष म्हात्रे का हालिया रिकॉर्ड देखें तो उन्होंने अलग-अलग मुकाबलों में मिले-जुले प्रदर्शन किए हैं। यूएई अंडर-19 के खिलाफ वह सिर्फ 4 रन ही बना सके। पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ एक मैच में उन्होंने 38 रन की पारी खेली, जबकि उसी टीम के खिलाफ दूसरे मुकाबले में सिर्फ 2 रन ही जोड़ पाए। मलेशिया अंडर-19 के खिलाफ उनके बल्ले से 14 रन निकले। श्रीलंका अंडर-19 के सामने वह 7 रन बनाकर आउट हुए। स्कॉटलैंड अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने 22 रन बनाए, वहीं इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा, जहां उन्होंने 49 रन की पारी खेली। अमेरिका अंडर-19 के खिलाफ आयुष ने 19 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here