24.4 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

WPL में रिटायर्ड आउट होने वाली पहली बल्लेबाज़ बनीं आयुषी सोनी

नवी मुंबई : महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मंगलवार को एक अनोखा और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला, जब गुजरात जायंट्स की बल्लेबाज़ आयुषी सोनी रिटायर्ड आउट हो गईं। इसके साथ ही वे WPL के इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। यह महिला फ्रैंचाइज़ी T20 लीग में ऐसी केवल दूसरी घटना है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आयुषी सोनी छठे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने उतरी थीं। वह 14 गेंदों पर 11 रन ही बना सकीं और एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाईं। 16वें ओवर में जब गुजरात जायंट्स का स्कोर 135 रन था, तब टीम को तेज रन रेट की जरूरत थी। इसी रणनीति के तहत टीम मैनेजमेंट ने उन्हें रिटायर्ड आउट करवाने का फैसला लिया।

आयुषी सोनी का यह WPL डेब्यू मैच था। उन्हें चोटिल ऑलराउंडर अनुष्का शर्मा की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। अनुष्का दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गई थीं, जिसके चलते वे कुछ समय के लिए टूर्नामेंट से बाहर हैं। सोनी के रिटायर्ड आउट होने के बाद भारती फूलमाली बल्लेबाज़ी के लिए आईं। शुरुआत में उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दिया गया था, लेकिन डीआरएस के जरिए उन्हें जीवनदान मिला। इसके बाद भारती ने 15 गेंदों में 36 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने जॉर्जिया वेयरहम के साथ मिलकर 56 रन की तेज साझेदारी की और टीम के स्कोर को 192 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

गौरतलब है कि महिला फ्रैंचाइज़ी क्रिकेट में इससे पहले 2024 में द हंड्रेड टूर्नामेंट में कैथरीन ब्रायस को मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से खेलते हुए रिटायर्ड आउट किया गया था। वहीं, पुरुष T20 क्रिकेट में इस साल अब तक 13 दिनों में 6 बार बल्लेबाज़ रिटायर्ड आउट हो चुके हैं। सोमवार को बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलते हुए पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान भी रिटायर्ड आउट हुए थे।

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles