नई दिल्ली: पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच एक रोमांचक टी-20 ट्राई सीरीज का आयोजन होने जा रहा है। इस सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच 18 नवंबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। बाबर आजम के लिए यह मैच खास हो सकता है, क्योंकि जिम्बाब्वे के खिलाफ वह हमेशा बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते आए हैं। उनकी बल्लेबाजी में किसी न किसी तरह का कमाल देखने को मिलता है। इस मैच में भी कुछ ऐसा ही देखने की उम्मीद है। बाबर आजम अब पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा T20I सिक्स लगाने के मामले में शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के कगार पर हैं, जिससे यह मुकाबला उनके लिए और भी महत्वपूर्ण बन जाता है।
बाबर आजम के नाम टी-20 इंटरनेशनल में 73 सिक्स का रिकॉर्ड
शाहिद अफरीदी ने टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के लिए 73 छक्के लगाए थे, और अब बाबर आजम के नाम भी 73 छक्के दर्ज हैं। जैसे ही बाबर जिम्बाब्वे के खिलाफ एक और छक्का लगाएंगे, वह अफरीदी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। पाकिस्तान के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में इस समय टॉप पर मोहम्मद रिजवान हैं, जिन्होंने 106 मैचों में 95 छक्के लगाए हैं। दूसरे नंबर पर फखर जमान हैं, जिनके नाम 88 सिक्स हैं, जबकि तीसरे नंबर पर मोहम्मद हफीज का नाम आता है, जिन्होंने 76 सिक्स लगाए हैं।
बाबर आजम मोहम्मद हफीज को पछाड़ सकते हैं
मोहम्मद हफीज ने पाकिस्तान के लिए टी-20 इंटरनेशनल में 76 छक्के लगाए हैं। अगर बाबर आजम सिर्फ 4 और छक्के लगा लेते हैं, तो वह हफीज को पीछे छोड़कर पाकिस्तान के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-3 बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि बाबर आजम जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले इस मैच में इन उपलब्धियों को हासिल कर पाते हैं या नहीं।
टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने बाबर आजम
बाबर आजम इस समय टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अब तक उन्होंने 131 मैचों की 124 पारियों में 39.83 की औसत से 4302 रन बनाए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर भारत के रोहित शर्मा का नाम आता है, जिन्होंने 159 मैचों की 151 पारियों में 4231 रन बनाए हैं। हालांकि, रोहित ने अब टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 125 मैचों में 4188 रन बनाए हैं, और उन्होंने भी T20I से संन्यास लिया है।

