23 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

Badminton: भारत के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने जीता यूएस ओपन का खिताब

नई दिल्ली: भारत के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने यूएस ओपन सुपर 300 के पुरुष एकल फाइनल में कनाडा के ब्रायन यांग पर सीधे गेम में जीत के साथ अपना पहला बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीत लिया है। इसके साथ ही इस सत्र में भारत का खिताबी सूखा खत्म हुआ। 2023 जूनियर विश्व चैंपियनशिप के कांस्य विजेता 20 वर्षीय आयुष ने रविवार को तीसरी वरीयता प्राप्त यांग को 47 मिनट में 21-18, 21-13 से हरा दिया। वहीं, महिला एकल फाइनल में 16 वर्षीय तन्वी शर्मा शीर्ष वरीय अमेरिका की बेवेन झांग से तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में हारकर उप विजेता रहीं।

अपना पहला विश्व टूर फाइनल खेल रहीं गैरवरीय तन्वी को 46 मिनट में 11-21, 21-16, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। आयुष की यांग पर यह तीसरी जीत रही। उन्होंने इस साल के शुरू में मलयेशिया ओपन और ताइपे ओपन में उन्हें हराया था। आयुष ने इस पूरे हफ्ते में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त चाउ टिएन चेन के खिलाफ पिछड़ने के बाद जीत हासिल की थी। पुरुष एकल फाइनल की शुरुआत में स्कोर 6-6 से बराबर रहा था, लेकिन चौथी वरीयता प्राप्त आयुष ने कई विनर्स लगाकर मिड तक याग पर 11-6 की बढ़त बना ली।

यांग ने अंतर को 13-11 तक कम कर दिया और 16-16 से बराबरी हासिल कर ली, लेकिन आयुष ने अच्छी तरह से लगाए गए शॉट्स के साथ नियंत्रण हासिल कर लिया और निर्णायक जंप स्मैश के साथ शुरुआती गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भारत के स्टार शटलर ने 7-2 की बढ़त बना ली, लेकिन यांग ने कुछ समय बाद स्कोर फिर से बराबर कर जिया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी ने संयम बनाए रखा और अटैक-डिफेंस का सही तरीके से उपयोग करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को मैच से दूर रखा। 17-12 से आगे होने के बाद आयुष ने क्रॉस-कोर्ट पंच के साथ मैच को लगभग समाप्त कर दिया। इसके बाद एक और शक्तिशाली स्मैश से अपना पहला वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया। आयुष 2023 बहरीन इंटरनेशनल और 2024 डच ओपन में फाइनल में जगह बनाने के अलावा 2023 ओडिशा मास्टर्स सुपर 100 टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे।

महिला एकल फाइनल में तन्वी को शुरू से ही जूझना पड़ा क्योंकि झांग ने पहले गेम में 11-5 की बढ़त बना ली, जिससे तन्वी पार नहीं पा सकीं। दूसरे गेम में तन्वी ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए 4-0 की बढ़त बना ली और झांग ने लंबी रैलियों के साथ उन्हें फंसाने की कोशिश की, लेकिन तन्वी ने पूरा ध्यान स्थिति पर बनाए रखा। दूसरे गेम के मिड ब्रेक तक तन्वी ने 11-9 की बढ़त बना रखी थी। झांग ने फिर गलतियां कीं और तन्वी ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए दूसरा गेम अपने नाम किया और मैच निर्णायक गेम में पहुंचा। हालांकि, तन्वी तीसरे गेम में झांग ने जबरदस्त वापसी की और मिड ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। उन्होंने इस बढ़त को बनाए रखा और मैच भी अपने नाम कर लिया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles