नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट टीम 16 सितंबर को पुरुष टी20 एशिया कप 2025 में अफगानिस्तान के खिलाफ एक अहम मुकाबले में उतरेगी। ग्रुप बी के इस मैच में लिटन दास की अगुवाई वाली टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि यह उनका आखिरी ग्रुप मैच है और सुपर 4 में पहुंचने के लिए उन्हें न सिर्फ जीत की जरूरत है, बल्कि वह भी बड़े अंतर से। अफगानिस्तान ने जहां हॉन्गकॉन्ग को हराकर बढ़त बनाई है, वहीं बांग्लादेश ने भी हॉन्गकॉन्ग को हराकर शुरुआत की थी, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ करारी हार से उनका नेट रन रेट प्रभावित हुआ है। अफगानिस्तान के पास अभी बांग्लादेश के खिलाफ एक मुकाबला बाकी है, इसलिए यदि वह यह मैच हार भी जाए, तो श्रीलंका को हराकर वह सुपर 4 की दौड़ में बना रह सकता है।
अगर बांग्लादेश यह मुकाबला हार जाता है, तो वह अंक तालिका में अफगानिस्तान और श्रीलंका दोनों से पीछे रह जाएगा। श्रीलंका ग्रुप बी में अब तक दो में से दो जीत के साथ शीर्ष पर है, जिससे उसकी स्थिति मजबूत है। ऐसे में बांग्लादेश पर जबरदस्त दबाव होगा, क्योंकि उसके पास अब हार की कोई गुंजाइश नहीं बची है। उसे सुपर 4 में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। वहीं अफगानिस्तान इस मुकाबले को जीतकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा और अंतिम मैच पर निर्भर रहने से बचना चाहेगा। यह मुकाबला एशिया कप 2025 का अब तक का सबसे रोमांचक और अहम मैच साबित हो सकता है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अफगानिस्तान को हालांकि एक झटका लगा है, क्योंकि तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक मौजूदा टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अब्दुल्ला अहमदजई को टीम में शामिल किया गया है।
बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान हेड टू हेड
- खेले गए मैच: 12
- बांग्लादेश ने जीते: 05
- अफगानिस्तान ने जीते: 07
शेख जायद स्टेडियम, अबूधाबी: प्रमुख आंकड़े और रिकॉर्ड्स पर एक नजर
बांग्लादेश बनाम श्रीलंका एशिया पुरुष टी20 मैच अबूधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैदान अपनी अनोखी बनावट के लिए जाना जाता है, क्योंकि यहां कोई पारंपरिक पवेलियन नहीं है। इसके बजाय, खिलाड़ियों के लिए बड़े चेंजिंग रूम एक स्टैंड के नीचे बनाए गए हैं, जहां से टीमें वातानुकूलित शीशे वाले कमरों में बैठकर मैच देखती हैं। अगर रिकॉर्ड्स की बात करें तो बांग्लादेश की टीम ने इस मैदान पर अब तक 4 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 3 बार हार का सामना करना पड़ा है, जबकि सिर्फ एक मैच में जीत मिली है। वहीं अफगानिस्तान ने इस मैदान पर 17 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें से उसने 12 में जीत दर्ज की है और 5 में हार झेली है। ये आंकड़े अफगानिस्तान को इस मैदान पर एक मजबूत टीम साबित करते हैं।
अबूधाबी में बांग्लादेश का सर्वोच्च स्कोर 144 रन, इससे अधिक नहीं बना सकी टीम
इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर आयरलैंड के नाम है, जिसने 2013 में अफगानिस्तान के खिलाफ 225/7 का स्कोर बनाया था। वहीं, बांग्लादेश का इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2025 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 144/3 है। अफगानिस्तान का इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2021 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 198/5 है। इस मैदान पर सबसे कम टीम स्कोर नाइजीरिया (66/9) ने बनाया है। बांग्लादेश का इस मैदान पर सबसे कम स्कोर 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 84/10 है। अफगानिस्तान का इस मैदान पर सबसे कम स्कोर 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 124/8 है। कुल मिलाकर, पॉल स्टर्लिंग ने इस मैदान पर सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। उन्होंने 33.83 की औसत से 406 रन बनाए हैं।
शेख जायद स्टेडियम में लिटन दास का जलवा, खूब बरसते हैं रन
बांग्लादेश के सक्रिय क्रिकेटर्स में लिटन दास के नाम इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने 4 मैचों में 120 रन बनाए हैं। अफगानिस्तान के लिए करीम जनत ने 11 मैचों में 40.57 की औसत से 284 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में ओमान के बिलाल खान ने इस मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने 12 मैचों में 15.10 की औसत से 19 विकेट लिए हैं। वहीं, बांग्लादेश के सक्रिय गेंदबाजों में तस्कीन अहमद ने 2 मैचों में 4 विकेट लिए हैं। अफगानिस्तान के लिए राशिद खान ने 16.29 की औसत से 17 विकेट लिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यहां टी20 इंटरनेशनल में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का औसत रन रेट 7.16 है। दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाली टीमों के लिए यह बढ़कर 7.26 हो जाता है।
बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान, शेख जायद स्टेडियम पिच रिपोर्ट
अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम की पिच ज्यादा नहीं टूटी है और अच्छी है। यह आमतौर पर एक संतुलित पिच है, जो अच्छी गति और उछाल के साथ शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। हालांकि, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पिच धीमी होती जाती है, जिससे स्पिनरों को ज्यादा फायदा होता है और बल्लेबाजी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। अफगानिस्तान के स्पिनर बीच के ओवरों में घातक साबित होंगे और यहीं बांग्लादेश की कड़ी परीक्षा होगी।
बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान, अबुधाबी के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अबुधाबी में मौसम नम और साफ रहेगा। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और कोई बड़ी रुकावट भी नहीं आएगी।

