नई दिल्ली : बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच भारत में खेलने से इंकार करने पर अड़ा हुआ है। इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के निदेशक एम नजमुल इस्लाम के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। खिलाड़ियों ने बोर्ड को चेतावनी दी है कि यदि नजमुल इस्लाम इस्तीफा नहीं देते हैं तो वे मैच बहिष्कार करेंगे। बोर्ड की वित्त समिति के अध्यक्ष नजमुल ने बुधवार (14 जनवरी) को कहा कि अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पाता है तो बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि इसका असर खिलाड़ियों पर पड़ेगा क्योंकि उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिलेगा।
विवाद बढ़ने के बाद BCB ने एक आधिकारिक बयान जारी कर नजमुल इस्लाम की टिप्पणियों पर खेद व्यक्त किया। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि अधिकृत चैनलों के बाहर दिए गए बयान केवल व्यक्तिगत रूप में माने जाएंगे। नजमुल पहले भी विवादित टिप्पणियाँ कर चुके हैं; उन्होंने बांग्लादेश के पूर्व ओपनर तमीम इकबाल को भारतीय एजेंट तक कह दिया था। तमीम ने बीसीबी को सलाह दी थी कि भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी पर फैसला लेने के दौरान भावनाओं की बजाय समझदारी का मार्ग अपनाया जाए।
विवाद से बांग्लादेश प्रीमियर लीग पर असर की आशंका
बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने ढाका स्थित BCB मुख्यालय में नजमुल इस्लाम की प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ घंटे बाद मैच बहिष्कार की चेतावनी दी, जिसका असर बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) पर भी पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मिथुन ने कहा, “BCB डायरेक्टर की टिप्पणियों ने क्रिकेट जगत को काफी नाराज किया है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। हम उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यदि वह कल (गुरुवार) होने वाले मैच से पहले इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम BPL के मैचों सहित सभी प्रकार के क्रिकेट का बहिष्कार करेंगे।”
नजमुल हुसैन शान्तो और मेहदी हसन मिराज ने बॉयकॉट का समर्थन किया
15 जनवरी को बीपीएल के दो मैच होने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो (राजशाही वॉरियर्स), मेहदी हसन मिराज (सिलहट टाइटंस), महेदी हसन (चटोग्राम रॉयल्स) और मिथुन (ढाका कैपिटल्स), साथ ही नोआखली के कोच खालिद महमूद ने बॉयकॉट की अपील का समर्थन किया है।
नजमुल इस्लाम ने क्या कहा?
नजमुल से पूछा गया कि टी20 वर्ल्ड कप में न खेल पाने से बांग्लादेश पर क्या वित्तीय असर पड़ेगा? उन्होंने जवाब दिया कि बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा। सिर्फ खिलाड़ियों को ही नुकसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे मैच नहीं खेल पाते हैं तो उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिलेगा।
बांग्लादेशी खिलाड़ियों के प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नजमुल ने कहा, ” क्यों (मिलेगा)? क्या हम उनसे करोड़ों-करोड़ों टका मांग रहे हैं जो हम उन पर खर्च कर रहे हैं? पहले मुझे इसका जवाब दो। हम उन पर इतना पैसा खर्च कर रहे हैं, लेकिन वे कुछ भी नहीं कर पा रहे हैं। क्या हमें कोई इंटरनेशनल अवॉर्ड मिला है? हमने किसी भी लेवल पर क्या किया है? अब जब भी वे खेल नहीं पाते, तो उनसे पैसे वापस मांगने चाहिए। हमें पैसे वापस दो। खिलाड़ियों को मुआवजा देने का सवाल ही क्यों उठना चाहिए? “
BCB ने नजमुल इस्लाम के बयान से किया दूरी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीबी ने कहा, “बोर्ड केवल उन्हीं बयानों का समर्थन करता है या उनकी जिम्मेदारी लेता है, जो औपचारिक रूप से बोर्ड के अधिकृत प्रवक्ता या मीडिया एवं संचार विभाग के माध्यम से जारी किए गए हों। खिलाड़ी बांग्लादेश क्रिकेट के केंद्र में हैं और उनके योगदान व कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।”
भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट विवाद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत यात्रा करने से मना कर दिया है। यह फैसला भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया गया कि वे तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी 2026 टीम से रिलीज करें। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर कराने के पक्ष में नहीं है और इस पर अनिच्छुक रवैया अपना रही है, लेकिन बीसीबी अपने फैसले पर अड़ा हुआ है और फिलहाल भारत जाने के मामले में अपनी स्थिति नहीं बदल रहा है।

