नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने सालाना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। चयन समिति ने मौजूदा स्ट्रक्चर में शामिल A+ ग्रेड को खत्म करने और सिर्फ तीन कैटेगरी A, B और C रखने का प्रस्ताव रखा है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, इस नए मॉडल के तहत विराट कोहली और रोहित शर्मा को A+ से B ग्रेड में डिमोट किया जा सकता है।फिलहाल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में चार ग्रेड हैं—A+ (₹7 करोड़), A (₹5 करोड़), B (₹3 करोड़) और C (₹1 करोड़)। ये राशि मैच फीस के अलावा दी जाती है। नए प्रस्ताव में खिलाड़ियों की ग्रेडिंग उनके फॉर्मेट में भागीदारी पर आधारित होगी। तीनों फॉर्मेट खेलने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और फिलहाल सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। इसी वजह से A+ ग्रेड खत्म होने की स्थिति में दोनों को सीधे B ग्रेड में रखा जा सकता है। अभी दोनों खिलाड़ियों को सालाना 7-7 करोड़ रुपये मिलते हैं। 2024-25 सत्र में A+ ग्रेड में रोहित शर्मा, विराट कोहली, रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह शामिल थे। ग्रेड A में केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत और मोहम्मद शमी थे। ग्रेड B में सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर को जगह मिली थी।
BCCI पहले भी ऐसा फैसला कर चुका है। 2019 में एमएस धोनी को A+ ग्रेड से हटाकर A ग्रेड में रखा गया था, जब उन्होंने सिर्फ वनडे और टी-20 खेलना जारी रखा था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद वे कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर हो गए थे। महिला क्रिकेट में BCCI पहले से तीन ग्रेड सिस्टम लागू कर चुका है। इसमें ग्रेड A की खिलाड़ियों को 50 लाख, ग्रेड B को 30 लाख और ग्रेड C को 10 लाख रुपये सालाना मिलते हैं। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव को लेकर अंतिम फैसला आगामी एपेक्स काउंसिल की बैठक में लिया जाएगा।

