एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी अंडर-18 (बॉयज) इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंबल डिवीजन को हराकर लगातार दूसरे वर्ष मध्यप्रदेश का खिताब अपने नाम किया। चार दिवसीय फाइनल मुकाबला इंदौर स्थित रमेश भाटिया क्रिकेट फाउंडेशन, एमपीसीए मैदान पर खेला गया। मैच के तीसरे दिन भोपाल डिवीजन ने अपनी पहली पारी में 113.3 ओवर में 398 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भोपाल की ओर से प्रतीक शुक्ला ने 13 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शानदार 142 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि नैतिक जैन ने 52 रन का योगदान दिया। चंबल डिवीजन के निश्चय सिकरवार ने 6 विकेट और कृष्णा राठौर ने 3 विकेट झटके। पहली पारी के आधार पर भोपाल को 149 रन की बढ़त मिली।
चंबल डिवीजन दूसरी पारी में 44.1 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। निश्चय सिकरवार ने 31 और विशाल प्रजापति ने 28 रन बनाए। भोपाल की गेंदबाजी में ओजस शुक्ला ने 3 विकेट, जबकि तेजस पटेल, दिव्यांश बंडोलिया और कनिष्क गौतम ने 2-2 विकेट लिए। भोपाल को जीत के लिए 3 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने दूसरी पारी में 1.2 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया और चैंपियन बनी। पुरस्कार वितरण समारोह में एमपीसीए सचिव सुधीर आसनानी और मैच ऑब्जर्वर अजय तोमर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतीक शुक्ला (भोपाल डिवीजन) को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

