एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजगढ़ जिले के सारंगपुर में 24 से 27 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (बालिका 17 वर्ष आयु वर्ग) में भोपाल संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया और फाइनल तक पहुंचने का सफर तय किया, लेकिन निर्णायक मुकाबले में उज्जैन संभाग से हार गई।
सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, ईदगाह हिल्स की छात्रा सौम्या नाहर ने टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भोपाल टीम ने लीग मुकाबलों में रीवा, शहडोल और सागर को एकतरफा हराया और सेमीफाइनल में जनजातीय विभाग को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। सौम्या ने पिछले वर्ष एसजीएफआई राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।
टीम की प्रशिक्षक आरती यादव थीं। बालिकाओं की इस सफलता पर भोपाल संभाग के संजय शर्मा, शर्मीला बारिक, जिला क्रीड़ा अधिकारी बबिता कठैत, डी.एस. धुर्वे, अजीत पाल गिल, संजय बाबर और विष्णु कान्त सहाय ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

