एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एम. वाय. मेमोरियल ट्रॉफी सीनियर बॉयज इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने प्रभावशाली शुरुआत की है। नर्मदापुरम के एमपीसीए मैदान पर खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले में नर्मदापुरम और भोपाल डिवीजन के बीच मैच के दूसरे दिन खेल रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। दूसरे दिन नर्मदापुरम डिवीजन ने अपने पहले दिन के स्कोर 5 विकेट पर 312 रन से आगे खेलते हुए 108.5 ओवरों में 394 रन बनाकर पहली पारी समाप्त की। नर्मदापुरम की ओर से राहुल चन्द्रोल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 115 रन बनाए, जबकि आर्यन देशमुख ने 60 रनों का उपयोगी योगदान दिया। भोपाल डिवीजन की गेंदबाजी में सार्थक सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम पर अंकुश लगाया। जवाब में भोपाल डिवीजन ने संयमित और आत्मविश्वास भरी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दिन का खेल समाप्त होने तक भोपाल डिवीजन ने 61 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए हैं। टीम की ओर से गौरांग जाधवानी ने 64 रन और अरहम अकील ने 62 रन की अहम पारियां खेलीं। कनिष्क दुबे ने 34 रन जोड़े, जबकि प्रारब्ध मिश्रा 24 रन बनाकर नाबाद लौटे। नर्मदापुरम डिवीजन की ओर से गेंदबाजी में रित्विक दीवान ने 3 विकेट लिए, वहीं प्रशांत को 2 विकेट की सफलता मिली। मैच अब रोचक स्थिति में है। तीसरे दिन भोपाल डिवीजन अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाकर बढ़त हासिल करने का प्रयास करेगा, जबकि नर्मदापुरम डिवीजन वापसी की कोशिश करेगा।

