एनएसटी न्यूज़, रीवा/भोपाल। रीवा में आयोजित राज्य स्तरीय रीवा हैंडबॉल प्रो लीग में भोपाल ज़िले के बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भोपाल के खिलाड़ियों ने अनुशासन, फिटनेस और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों पर अपना दबदबा बनाए रखा। प्रतियोगिता में भोपाल की दोनों टीमों ने निर्णायक मुकाबलों में आक्रामक और संतुलित खेल दिखाया। तेज़ पासिंग, मजबूत डिफेंस और सटीक फिनिश ने टीम को लगातार जीत दिलाई। बालक और बालिका दोनों वर्गों में मिले उत्कृष्ट परिणामों के चलते भोपाल ज़िले को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जिसने जिले के खेल प्रेमियों को गर्व का अवसर दिया। रीवा से विजयी होकर भोपाल लौटने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद विमलेश ठाकुर, संयोजक भूपेंद्र सिंह चौहान ‘पिंकी भैया’, भोपाल हैंडबॉल क्लब की मैनेजर अंजू गुप्ता और स्पोर्ट्स प्रमोटर राम जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने भोपाल ज़िले के कोच श्याम थापा, सीनियर खिलाड़ी करीम उद्दीन और मयंक बांके सहित सभी खिलाड़ियों का पुष्पमाला पहनाकर उत्साहवर्धन किया। कोच श्याम थापा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने लंबे समय तक की गई मेहनत और अभ्यास का परिणाम मैदान पर दिखाया है।

