तात्या टोपे स्टेडियम के ‘पे-एंड-प्ले’ खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन, दिल्ली में पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे ट्रैक पर
एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी के तात्या टोपे स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले पैरा खिलाड़ी बंटी यादव ने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट हौसले से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय कर लिया है। बंटी का चयन 08 से 13 मार्च 2026 तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस वैश्विक आयोजन में वे 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वर्तमान में बंटी यादव टीटी स्टेडियम के ‘पे-एंड-प्ले’ खिलाड़ी हैं। बंटी अपनी सफलता का श्रेय खेल विभाग के डायरेक्टर अंशुमन यादव को देते हैं, जिनके आशीर्वाद और निरंतर सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। गांव की साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले बंटी ने आर्थिक तंगी और कई व्यक्तिगत संघर्षों के बावजूद कभी हार नहीं मानी। आज उनकी यह प्रेरक कहानी प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए मिसाल बन गई है।

