अंकुर क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी ने पहले भी खेले हैं 23 अंतरराष्ट्रीय मैच
(NST News) भोपाल.भोपाल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह गर्व का मौका है। शहर के पहले क्रिकेटर समय श्रीवास्तव एशिया कप-2025 में खेलते नजर आएंगे। यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से दुबई में शुरू हो रहा है। समय श्रीवास्तव ओमान टीम का हिस्सा बनेंगे, जिसने उन्हें भारत, पाकिस्तान और यूएई के खिलाफ ग्रुप मैचों के लिए शामिल किया है। समय बीते पांच वर्षों से ओमान में क्रिकेट खेल रहे हैं और टीम का नियमित हिस्सा बने हुए हैं। अब तक वे 23 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। क्रिकेट करियर की शुरुआत उन्होंने भोपाल से की थी और अंडर-15 से लेकर वीजी ट्रॉफी तक मध्य प्रदेश की ओर से खेल चुके हैं। समय राइट आर्म लेग स्पिनर होने के साथ-साथ एक भरोसेमंद बल्लेबाज भी हैं। उनके चयन से परिवार और भोपाल स्थित अंकुर क्रिकेट अकादमी में खुशी का माहौल है।
अंकुर क्रिकेट अकादमी का नाम वैसे भी देशभर में प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए जाना जाता है। इस अकादमी ने अब तक पांच अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, चार आईपीएल स्टार और 16 रणजी ट्रॉफी क्रिकेटर देश को दिए हैं। समय के दो साथी खिलाड़ी अनिकेत वर्मा और शिवम शुक्ला ने इस साल आईपीएल-2025 में क्रमशः सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व किया। ऐसे में समय का एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में खेलना भोपाल के क्रिकेट के लिए एक नई पहचान है। शहर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने समय को आने वाले मुकाबलों के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि वे अपने प्रदर्शन से ओमान ही नहीं, बल्कि भोपाल का नाम भी रोशन करेंगे।

