नई दिल्ली : आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ट्रेडिंग मार्केट में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक प्रमुख स्वैप डील को अंतिम रूप देने की चर्चाएँ जोरों पर हैं। इस समझौते के तहत संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स की ओर जाएंगे, जबकि रविंद्र जडेजा और साथ ही सैम करन या मथीशा पथिराना में से कोई एक खिलाड़ी राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले पांच महीनों से दोनों टीमों के बीच इस पर बातचीत चल रही है। अब यह डील लगभग पक्की मानी जा रही है। फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर से पहले खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जमा करनी है, इसलिए संभावना है कि यह सौदा इसी सप्ताह फाइनल हो जाए।
संजू सैमसन का ‘येलो ड्रीम’ सच होने के करीब
पिछले सीजन से ही यह खबर थी कि संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स छोड़ने के इच्छुक हैं। अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट का सीजन चलने के दौरान उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अधिकारियों से भी मुलाकात की थी। सीएसके फ्रेंचाइजी एमएस धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में एक भरोसेमंद भारतीय कप्तान ढूंढ रही है।
शायद यही वजह है कि संजू सैमसन उसकी पहली पसंद हैं। एमएस धोनी के खेलने या नहीं खेलने को लेकर अब तक कोई भी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। सीएसके के सीईओ (CEO) कासी विश्वनाथन ने हाल ही में कहा था कि वह उम्मीद करते हैं कि एमएस धोनी एक और सीजन खेलेंगे। हालांकि, संजू सैमसन के आने से चेन्नई के कप्तानी समीकरण में बड़ा बदलाव संभव है।
रविंद्र जडेजा के साथ कौन होगा: सैम करन या पथिराना?
इस डील का सबसे पेचीदा हिस्सा यही है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की नजर मथीशा पथिराना पर है, जबकि CSK (सीएसके) प्रबंधन उन्हें छोड़ने के पक्ष में नहीं है। सीएसके मधीशा पथिराना को भविष्य के स्टार पेसर के रूप में देख रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार CSK ने पहले सैम करन का नाम पेश किया, लेकिन राजस्थान रॉयल्स मधीशा पथिराना पर अड़ी है। अगर यह गतिरोध सुलझ गया तो डील किसी भी वक्त फाइनल हो सकती है।
धोनी, रुतुराज और स्टीफेन फ्लेमिंग ने किया निर्णय
चेन्नई सुपर किंग्स के शीर्ष प्रबंधन (एमएस धोनी, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग) ने इस पूरी डील पर लंबी चर्चा की है। बताया जा रहा है कि एमएस धोनी ने खुद रविंद्र जडेजा से बातचीत कर उनकी राय ली और उनकी सहमति के बाद ही बातचीत आगे बढ़ी। रविंद्र जडेजा 2012 से चेन्नई टीम का हिस्सा हैं और तीन खिताब (2018, 2021, 2023) जीत चुके हैं। रविंद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। हालांकि, साल 2022 में कप्तानी विवाद के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव आया था लेकिन बाद में धोनी ने व्यक्तिगत रूप से पहल कर उन्हें जोड़ा।
RR को बड़ा लाभ, CSK ने किया बड़ा खेल
जहां एक तरफ राजस्थान रॉयल्स को एक अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर और विदेशी स्टार खिलाड़ी मिल सकते हैं, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह भविष्य के कप्तान को पाकर बड़ी सफलता हो सकती है। संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा दोनों का वेतन 18 करोड़ है, इसलिए यह डील आर्थिक दृष्टि से भी संतुलित मानी जा रही है। शुरू में चेन्नई केवल कैश डील पर ही जोर दे रही थी, लेकिन संजू सैमसन को टीम में शामिल करने के लिए उन्हें प्लेयर स्वैप को स्वीकार करना पड़ा।
संभावित प्रभाव: क्या यह धोनी का अंतिम सीजन होगा?
यदि यह डील फाइनल हो जाती है, तो आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स एक नए अध्याय की शुरुआत कर सकती है। संजू सैमसन कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व कर सकते हैं, जबकि एमएस धोनी मेंटर या टीम डायरेक्टर के रूप में नजर आ सकते हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के लिए रविंद्र जडेजा का शामिल होना टीम के संतुलन और अनुभव दोनों को मजबूत करेगा।
अगर चेन्नई और राजस्थान के बीच यह डील पक्की हो जाती है, तो यह आईपीएल के इतिहास की अब तक की सबसे चर्चा में रहने वाली ट्रेड डील बन सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में इसकी आधिकारिक घोषणा हो सकती है, और संजू सैमसन आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी में खेलते दिखाई देंगे, जबकि रविंद्र जडेजा अपने पुराने घर राजस्थान रॉयल्स में लौटेंगे। जडेजा पहले भी आईपीएल 2008 में विजेता राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं।

