नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में जिम्बाब्वे को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, और इस हार के साथ ही उनकी टीम इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई। जिम्बाब्वे के लिए इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उज्जवल पक्ष उनके सलामी बल्लेबाज Brian Bennett रहे, जिन्होंने अपनी लाजवाब बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। 22 साल के इस युवा खिलाड़ी ने जिस अंदाज में इस वर्ल्ड कप में बल्लेबाजी की, उसे देखकर उन्हें जिम्बाब्वे का ‘विराट कोहली’ कहा जा रहा है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि Brian Bennett ने अब तक इस टी20 वर्ल्ड कप में 5 मैच खेले हैं, जिनमें वह केवल एक बार ही आउट हुए हैं।
ब्रायन बेनेट टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। ब्रायन बेनेट ने भारत के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 59 गेंदों पर 8 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए। बेनेट का स्ट्राइक रेट 164.41 का रहा। इस पारी के दम पर वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मैच में अगर बेनेट 7 रन और बना लेते तो वह इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते थे और उनके नाम शतक भी दर्ज हो जाता।
बेनेट के अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो, उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में 5 पारियां खेली है जिसमें 277 की औसत और 135.78 के स्ट्राइक रेट के साथ 277 रन बनाए हैं।बेनेट का औसत इस टी20 वर्ल्ड कप में 277 का है, क्योंकि वह एक ही बार आउट हुए हैं, वो भी वेस्टइंडीज के खिलाफ। ग्रुप स्टेज में उन्होंने श्रीलंका और ऑस्ट्रलिया जैसी तगड़ी टीमों के खिलाफ भी मैच खेले, मगर उनके गेंदबाज बेनेट को आउट नहीं कर पाए। भारत के खिलाफ मैच में भी वह नॉट आउट रहे थे।
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप के किसी एक एडिशन में कम से कम 200 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अगर बेस्ट औसत की बात की जाए तो Brian Bennett ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कोहली ने 2016 में 136.50 के औसत से, 2014 में 106.33 के औसत से और 2022 में 98.66 के औसत से रन बनाए थे, लेकिन बेनेट ने इसी एक वर्ल्ड कप में इतना शानदार प्रदर्शन किया कि उन्होंने विराट को पीछे छोड़ दिया।

