नॉर्थहैम्प्टन. भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अगले साल भी इंग्लैंड की काउंटी टीम नॉर्थहैम्प्टनशायर का हिस्सा होंगे। क्लब ने उन्हें 2026 सीज़न के लिए ओवरसीज़ खिलाड़ी के रूप में चुना है। चहल लगातार तीसरे साल इस टीम से खेलेंगे और सीज़न के दूसरे हिस्से में काउंटी चैंपियनशिप और मेट्रो बैंक वनडे कप में मैदान पर उतरेंगे। अब तक उन्होंने नॉर्थहैम्प्टनशायर के लिए 44 फर्स्ट क्लास विकेट और लिस्ट-ए में 7 विकेट लिए हैं। पिछले सीज़न में उनके प्रदर्शन से टीम को काफ़ी फायदा हुआ था।
टीम ने चहल के साथ ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ हैरी कॉन्वे को भी अगले सीज़न के लिए जोड़ा है। कॉन्वे इस साल चैंपियनशिप के शुरुआती चार मैचों में 20 विकेट लेकर चर्चा में आए थे। उम्मीद है कि वह 2026 सीज़न के अप्रैल और मई में लगभग सात मैच खेलेंगे। चहल और कॉन्वे दोनों की मौजूदगी से टीम को स्पिन और पेस दोनों विभाग में मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नॉर्थहैम्प्टनशायर के हेड कोच डैरेन लेहमैन ने चहल की तारीफ करते हुए कहा कि वह टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका अनुभव और करियर रिकॉर्ड टीम के लिए बहुत मायने रखता है। लेहमैन ने कहा कि युवा स्पिनरों के लिए भी चहल का साथ काफ़ी उपयोगी रहेगा। वहीं कॉन्वे को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी विकेट लेने की क्षमता हर तरह की पिच पर शानदार है और टीम को उनसे अगले सीज़न में बड़ी उम्मीदें हैं।

