नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के ऐतिहासिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के उपकप्तान अक्षर पटेल के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन सकते हैं। वहीं अगर कुलदीप यादव को इस मुकाबले में खेलने का मौका मिलता है, तो वह भी इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं। ऐसे में दोनों खिलाड़ी इस खास उपलब्धि की रेस में शामिल हैं।
अक्षर पटेल के निशाने पर युजवेंद्र चहल का बड़ा रिकॉर्ड
32 वर्षीय अक्षर पटेल भारत के लिए अब तक 93 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 87 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 94 विकेट हासिल किए हैं। अगर अक्षर पटेल टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो वह इस फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 80 मैचों में 96 विकेट लिए थे।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज
युजवेंद्र चहल – 80 मैच: 96 विकेट
कुलदीप यादव – 54 मैच: 95 विकेट
अक्षर पटेल – 93 मैच: 94 विकेट
रविचंद्रन अश्विन – 65 मैच: 72 विकेट
वरुण चक्रवर्ती – 44 मैचो: 72 विकेट
कुलदीप यादव के पास भी इतिहास रचने का सुनहरा मौका
कुलदीप यादव को इस वर्ल्ड कप में अभी तक सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला है, जिसके बाद से वह टीम से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में अगर उन्हें फाइनल मुकाबले में खेलने का मौका मिलता है, तो वह दो विकेट लेकर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज बन सकते हैं। कुलदीप अब तक 54 मैचों की 52 पारियों में 95 विकेट हासिल कर चुके हैं और दो विकेट लेते ही वह युजवेंद्र चहल से आगे निकल सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अक्षर पटेल का कैसा रहा प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में अक्षर पटेल का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा था। उस मुकाबले में उन्होंने बल्ले से दो रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में तीन ओवर में 35 रन देकर दो अहम विकेट हासिल किए। इसके अलावा उन्होंने फील्डिंग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन बेहतरीन कैच लपके, जिसकी बदौलत टीम इंडिया मैच जीतने में सफल रही। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अक्षर पटेल को अब तक 6 मैचों में खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 8 विकेट अपने नाम किए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल मुकाबले में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।

