नॉर्थेम्प्टन। युज़वेंद्र चहल की धारदार गेंदबाजी और जेम्स सेल्स की शानदार शतकीय पारी की बदौलत नॉर्थेंप्टनशायर ने वनडे कप में डरहम को हराकर चार मैचों में पहली जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थेंप्टनशायर ने आठ विकेट पर 321 रन बनाए। युवा बल्लेबाज जेम्स सेल्स ने लिस्ट-ए करियर का पहला शतक जड़ते हुए 110 गेंदों पर 117 रन बनाए। उनका साथ टिम रॉबिन्सन (69 गेंद पर 63) और जस्टिन ब्रॉड (45 गेंद पर 59) ने दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डरहम की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 32 ओवर में मात्र 171 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के लेग स्पिनर युज़वेंद्र चहल ने छह ओवर में 30 रन देकर तीन अहम विकेट झटके। डरहम को विकेटकीपर बल्लेबाज ओली रॉबिन्सन की कमी खली, जो पारिवारिक कारणों से उपलब्ध नहीं थे। डेविड बेडिंगम (30 रन) कुछ देर टिके रहे, लेकिन उनके आउट होते ही टीम पूरी तरह बिखर गई। इस हार से डरहम को पांच मैचों में तीसरी शिकस्त झेलनी पड़ी, जिससे उनके नॉकआउट क्वालिफिकेशन की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। वहीं नॉर्थेंप्टनशायर ने इस जीत से टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी बनाए रखी।

