28.5 C
New Delhi
Saturday, April 12, 2025

एशिया कप में चैम्पियन मप्र तीरंदाजी अकादमी की मुस्कान

भोपाल। बैंकाक (थाईलैण्ड) में 2 से 9 मार्च 2018 तक खेली जा रही एशिया कप चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार ने कम्पाउण्ड की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए चैम्पियनशिप के कम्पाउण्ड स्पर्धा के फायनल मुकाबले में मुस्कान किरार ने 139 अंक प्राप्त किए और मलेशिया की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अर्जित किया। इसके अलावा भारतीय टीम में शामिल आसाम की खिलाड़ी प्रोमिला दायमेरी ने रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण, उत्तरप्रदेश की खिलाड़ी मधु वेदवान और महाराष्ट्र के खिलाड़ी गौरव लाम्बे ने एक-एक कांस्य पदक देश को दिलाया।
इससे पूर्व चैम्पियनशिप में हुए पहले मुकाबले में मुस्कान किरार ने 142 अंक प्राप्त कर ताइपे (चाइना) की खिलाड़ी को परास्त किया। प्री-क्वार्टर फायनल मुकाबले में मुस्कान किरार ने 145 अंकों के साथ कजाकिस्तान, क्वार्टर फायनल मुकाबले में 147 अंकों के साथ इंडोनेशिया तथा सेमी फायनल मुकाबले में 148 अंक प्राप्त कर मलेशिया की खिलाड़ी को शिकस्त दी। उक्त चैम्पियनशिप में मुस्कान किरार, दिव्या धायल और मृणाल हिवराले भारतीय टीम की रैंकिंग में प्रथम स्थान पर है। टीम स्पर्धा का मुकाबला गुरूवार 08 मार्च को खेला जायेगा। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार श्री रिचपाल सिंह सलारिया भारतीय टीम के कोच के रूप में इस टूर्नामेंट में भागीदारी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुस्कान किरार ने गत वर्ष भुवनेश्वर में आयोजित 37वीं सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। ढ़ाका में आयोजित 20वीं एशियन चैम्पियनशिप और ताईपे में आयोजित एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी मुस्कान किरार मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016-17 से तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।

Related Articles

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles