24.4 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

चेन्नई ने जीता पीबीएल खिताब

नई दिल्ली। तानोंगसाक सेनसोमबूनसुक के निर्णायक मैच में जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत चेन्नई स्मैशर्स ने मुंबई राकेट्स को शनिवार को 4-3 से पराजित कर प्रीमियर बैडमिंटन लीग खिताब जीत लिया। मुक़ाबला बेहद जबरदस्त रहा और विजेता का फैसला आखिरी मैच में जाकर हो पाया। चेन्नई ने पहले दोनों मैच जीत कर 3-0 की बढ़त बनाई लेकिन मुंबई ने अगले दोनों मैच जीतकर 3-3 से बराबरी कर ली। आखिरी मैच चेन्नई के तानोंगसाक सेनसोमबूनसुक और मुम्बई के अजय जयराम के बीच हुआ और तानोंगसाक ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 9-11,11-7,11-3 से जीत हासिल कर ली। तानोंगसाक के मैच जीतते ही चेन्नई का खेमा खुशी से उछल पड़ा और पीवी सिंधु सहित चेन्नई के तमाम खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। चेन्नई के खिलाड़ियों ने तानोंगसाक को कंधों पर उठा लिया जो उनकी जीत के हीरो बन गए। विजेता चेन्नई टीम को तीन करोड़ रुपए की भारी भरकम पुरस्कार राशि मिली जबकि उपविजेता मुंबई को डेढ़ करोड़ से संतोष करना पड़ा। सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 75-75 लाख मिले।
पहला मैच चेन्नई का ट्रम्प मैच था और क्रिस एडकॉक तथा गेब्रियल एडकॉक ने निपितफोन पी और नेदिज्दा ज़ीबा को 11-9 ,11-6 से हराकर चेन्नई को 2-0 से आगे कर दिया। ओलिंपिक रजत विजेता पीवी सिंधु ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए सुंग जी ह्यून को 11-8 ,11-8 से हराकर चेन्नई को 3-0 से आगे कर दिया। मुंबई ने वापसी करते हुए अपना ट्रम्प मैच जीत लिया। ली योंग देई और निपितफोन पी ने क्रिस एडकॉक और मैड्स कोल्डिंग को 12-10 ,11-6 से हराकर स्कोर 2-3 कर दिया। अगले मैच में एच एस प्रणय ने कमाल का खेल दिखाते हुए परुपल्ली कश्यप की चुनौती पर 11-4,8-11,11-8 से काबू पाकर मुंबई को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। अब अपनी अपनी टीमों को विजेता बनाने का दारोमदार तानोंगसाक सेनसोमबूनसुक और अजय जयराम पर आ गया। जयराम ने पहला गेम 11-9 से जीत लिया जबकि तानोंगसाक ने दूसरा गेम 11-7 से जीतकर मुक़ाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। तानोंगसाक ने निर्णायक गेम में जयराम की गलतियों का पूरा फायदा उठाते हुये 11-3 से जीत हासिल की और खिताब चेन्नई की झोली में डाल दिया।

Related Articles

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles