नई दिल्ली: दुनिया के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने शानदार वापसी करते हुए फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले मुकाबले में भारत के युवा ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी को 2-0 से हराया, इसके बाद आर. प्रज्ञानंद के खिलाफ 3-1 की निर्णायक जीत दर्ज की। इन दो जीतों के साथ कार्लसन ने न केवल अपनी लय हासिल की, बल्कि टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए मजबूती से दावा भी पेश किया। अब 750,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट के फाइनल में हैंस मोके नीमन का सामना अमेरिका के लेवोन अरोनियन से होगा जबकि कार्लसन तीसरे स्थान के लिए दुनिया के दूसरे नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा से भिड़ेंगे।
कार्लसन के लिए दोनों मुकाबले बेहद अहम और रोमांचक रहे, क्योंकि इससे पहले प्रज्ञानंद ने उन्हें टूर्नामेंट खिताब की दौड़ से बाहर कर दिया था। इस बार जीत दर्ज कर उन्होंने अपने खेल का दमदार जवाब दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इस मिनी-मैच के पहले गेम में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत की लेकिन नॉर्वे के खिलाड़ी ने ‘रिटर्न गेम’ में वापसी की और जीत हासिल कर टूर्नामेंट में वापसी की।
वहीं अर्जुन एरिगेसी ने पहले गेम में शानदार शुरुआत करते हुए बढ़त बनाई, लेकिन उसे बनाए रखने में नाकाम रहे। दूसरे गेम में मैग्नस कार्लसन ने अपने अनुभव और रणनीति का शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। अंतिम दिन की अन्य बाजियों में अर्जुन पांचवें स्थान के प्ले-ऑफ के लिए अमेरिका के फैबियानो कारूआना से भिड़ेंगे जबकि प्रज्ञानंद को सातवें स्थान के लिए एक अन्य अमेरिकी वेस्ली सो से भिड़ना है। अब अंतिम दिन सभी की निगाहें नीमन पर लगी होंगी जो अंतिम आठ चरण में सबसे कम रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं और 200,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि के लिए वापसी करने वाले अरोनियन के सामने होंगे।

