एनएसटी न्यूज, भोपाल: मध्यप्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को एक राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2025 का सोमवार को रवींद्र भवन में शानदार शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस उत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस उत्सव में राज्य के 10 संभागों से आए लगभग 350 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक विधाओं में अपना हुनर प्रदर्शित करेंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि आज गोवर्धन-गिरधारी की प्रस्तुति ने मन मोह लिया। उन्होंने युवाओं में दिख रही नई ऊर्जा और जोश की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी हर खेल और हर क्षेत्र में अद्भुत प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत ने खेल सहित सभी क्षेत्रों में नई पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय चेतना का विकास करते हैं। युवा उत्सव का समापन 18 नवंबर को रवींद्र भवन में होगा, जहां विजेताओं को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि वास्तविक परिवर्तन युवा अवस्था में ही होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अधिक से अधिक युवा खेलों और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करें। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री डा. यादव ने कला और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया। रायगढ़ घराने के विश्वविख्यात कथक आचार्य पद्मश्री रामलाल बरेठ को रुपये 51,000 की सम्मान राशि से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए एथलेटिक्स खिलाड़ी रंजना यादव को रुपये एक लाख और शूटिंग खिलाड़ी ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर को रुपये दो लाख की सम्मान राशि प्रदान की गई।
राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व
उत्सव के पहले दिन सात मुख्य विधाओं — कहानी लेखन, कविता लेखन, भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग, विज्ञान प्रदर्शनी, समूह लोकगीत और समूह लोकनृत्य में प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। इन प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कला, साहित्य और संस्कृति के विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया जा रहा है। राज्य स्तर पर चयनित लगभग 300 प्रतिभागियों में से सर्वश्रेष्ठ 30 युवाओं का चयन किया जाएगा, जो आगामी 10 से 12 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री जी से मिलने का भी अवसर मिलेगा। इसी के साथ विभाग की महत्वाकांक्षी योजना “मां तुझे प्रणाम” के तहत 144 बच्चों के एक दल को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर जैसलमेर के लिए रवाना किया। यह यात्रा बच्चों को देश की सीमाओं, सेना की कार्यप्रणाली और राष्ट्रभक्ति के भाव से जोड़ने का एक प्रेरणादायी कदम है।

