ग्रेटर नोएडा : राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे कई राज्यों के मुक्केबाजों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ को टूर्नामेंट के बीच ही होटल खाली करने का निर्देश दे दिया गया। गुरुवार और शुक्रवार को अपने मुकाबले खेलने के बाद जब खिलाड़ी होटल लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनका सामान कमरों से हटाकर रिसेप्शन पर रख दिया गया है। होटल प्रबंधन की ओर से उन्हें बताया गया कि आगे के लिए उनके ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
घटनाक्रम पर महासंघ की कड़ी निगरानी
आयोजकों ने टूर्नामेंट में शामिल मुक्केबाजों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की थी। हालांकि, पहले दिन रिंग तैयार न होने के कारण मुकाबले तय समय पर शुरू नहीं हो सके, जिससे कार्यक्रम प्रभावित हुआ। इसका असर यह हुआ कि महिला वर्ग के 32 मुकाबलों को अगले दिन के लिए स्थगित करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने स्पष्ट किया कि जैसे ही उन्हें स्थिति की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत खिलाड़ियों के ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी। अधिकतर मुक्केबाजों को आयोजन स्थल गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में शिफ्ट किया गया है, जहां रहने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। महासंघ ने यह भी कहा कि पूरे मामले पर उनकी लगातार निगरानी बनी हुई है।
निकहत और लवलीना ने फाइनल में बनाई जगह
दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन (51 किग्रा) और टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। निकहत ने सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की कुसुम बघेल को 4-1 के अंतर से मात दी, जबकि लवलीना ने यूपी की ही इमरोज खान को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। पुरुष वर्ग में जदुमणि सिंह ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज अमित पंघाल को 5-0 से शिकस्त दी। अब जदुमणि का सामना खिताबी मुकाबले में उत्तराखंड के पवन बर्तवाल से होगा, जिन्होंने मणिपुर के विक्टर सिंह को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

