नई दिल्ली: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दूसरे सीजन की शुरुआत 18 जुलाई से होने जा रही है। इस बार भी टूर्नामेंट के सभी मुकाबले इंग्लैंड की ज़मीन पर आयोजित किए जाएंगे। पहले सीजन में इंडिया चैंपियंस की टीम ने युवराज सिंह की कप्तानी में खिताब को अपने नाम किया था। दूसरे सीजन में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें कुल 18 मुकाबले चार वेन्यू पर खेले जाएंगे। इंडिया चैंपियंस के अलावा पाकिस्तान चैंपियंस की टीम भी खेलते हुए दिखेगी, जिसमें दोनों ही टीमों की भिड़ंत का फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और ये मुकाबला 20 जुलाई को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा।
WCL के दूसरे सीजन में सभी छह टीमों के स्क्वाड में कुछ बदलाव किए गए हैं। नए खिलाड़ियों की एंट्री और कुछ पुराने नामों की वापसी ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया है। कई दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए दिखने वाले हैं, जिसमें सबसे बड़ा नाम एबी डिविलियर्स का है जो साउथ अफ्रीका चैंपियंस टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा इंडिया चैंपियंस टीम में युवराज सिंह के अलावा सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा और हरभजन सिंह खेलते हुए दिखेंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम में ब्रेट ली, क्रिस लिन और पीटर सिडल जैसे बेहतरीन खिलाड़ी मैदान पर दिखाई देंगे। सभी टीमों को दूसरी टीम के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलने का मौका मिलेगा, जिसमें टॉप-4 पर खत्म करने वाली टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच होगा और फिर 2 अगस्त को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बर्मिंघम में ही खेला जाएगा।
WCL 2025 सीजन का भारत में सीधा प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जिसमें अधिकतर मैचों की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 9 बजे से होगी। वहीं जिस दिन 2 मैच खेले जाएंगे तो उसमें पहला मैच शाम 5 बजे से शुरू होगा। वहीं इन मैचों की भारत में ऑनलाइन स्ट्रीमिंग फैनकोड की एप पर होगी, जिसमें फैंस अपनी स्मार्ट टीवी पर लॉगिन कर मैचों का आनंद ले सकते हैं।

