एनएसटी न्यूज, भोपाल। केरवा डैम रोड स्थित श्री भवंस भारती पब्लिक स्कूल में बच्चों के लिए यह दिन बेहद खास रहा जब भारतीय क्रिकेटर और आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी शशांक सिंह स्कूल पहुंचे। उनके स्वागत के साथ ही बच्चों में उत्साह और जोश देखने को मिला। शशांक ने छात्रों से बातचीत करते हुए अपनी क्रिकेट यात्रा, शुरुआती संघर्ष और मैदान पर सीखे गए अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वह भोपाल के ही रहने वाले हैं और यहीं से क्रिकेट की शुरुआत कर उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने की राह पकड़ी। बच्चों को उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग की महत्वपूर्ण तकनीकें सिखाईं और कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना सफलता की कुंजी हैं। स्पोर्ट्स एक्टिविटी में छात्रों ने उनके साथ खेलते हुए क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। स्कूल की संचालक हिना राउत ने बताया कि स्कूल में 11वीं एनुअल स्पोर्ट्स मीट आयोजित की जा रही है और उसी के तहत शशांक सिंह को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां छात्रों के आत्मविश्वास और खेल के प्रति रुचि को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने अपने बैट, बॉल और नोटबुक पर शशांक से ऑटोग्राफ लिए। उनकी उपस्थिति ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उत्साह भर दिया तथा यह दिन उनके लिए यादगार बन गया।

