नई दिल्ली: T20 वर्ल्ड कप 2026 के चौथे मुकाबले में अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। अफगान टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए, जो आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इस प्रदर्शन के साथ अफगानिस्तान ने भारत का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के नाम था, जिसने साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ 180/9 का स्कोर बनाया था। अब 182 रन बनाकर अफगानिस्तान ने इस उपलब्धि को अपने नाम कर लिया।
अफगानिस्तान की इस धमाकेदार पारी के हीरो गुलबदीन नायब रहे। लगभग दो साल बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए नाइब ने 35 गेंदों में 63 रनों की आक्रामक पारी खेली। उनकी पारी ने मैच का रुख अफगानिस्तान की ओर मोड़ दिया। चेपॉक की पिच पर, जहां उछाल के साथ-साथ धीमे गेंदबाजों को भी मदद मिल रही थी, नाइब ने बेखौफ अंदाज में बड़े शॉट खेले और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। नायब के अलावा रसूली और ओमरजई ने भी अहम योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। खास तौर पर आखिरी ओवरों में अफगान बल्लेबाजों ने रन गति को और तेज किया।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की बात करें तो हेनरी, डफी, फर्ग्यूसन और नीशम ने गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें खास सफलता नहीं मिली। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 18वां ओवर रचिन रविंद्र को सौंपकर रणनीति में बदलाव की कोशिश की। रविंद्र ने गुलबदीन नायब का विकेट जरूर लिया, लेकिन इस ओवर में 14 रन खर्च कर बैठे। इसी ओवर में ओमरजई ने लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से शानदार शॉट लगाते हुए टीम का स्कोर 160 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, अफगानिस्तान का यह स्कोर जीत के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ। न्यूजीलैंड ने 17.5 ओवर में 183 रन का लक्ष्य हासिल कर T20 वर्ल्ड कप में अपनी जीत का खाता खोल लिया।

