19.6 C
New Delhi
Monday, March 16, 2026

Durand Cup: लद्दाख एफसी ने त्रिभुवन आर्मी को ड्रॉ पर रोका, दमदार डिफेंस की मिसाल

जमशेदपुर/शिलांग: डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में शनिवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। जमशेदपुर में हुए पहले मैच में लद्दाख एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए त्रिभुवन आर्मी एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन कोई भी टीम विजयी बढ़त नहीं बना सकी। वहीं शिलांग में खेले गए दूसरे मैच में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने मलेशियन आर्म्ड फोर्सेस पर दबदबा बनाते हुए 3-1 से धमाकेदार जीत दर्ज की। नॉर्थईस्ट की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और मलेशियन डिफेंस को बार-बार भेदने में कामयाब रही।

जमशेदपुर में खेले गए एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप में अपने पहले ही मैच में 1 लद्दाख एफसी ने इतिहास रच दिया। ग्रुप सी मुकाबले में लद्दाख की युवा टीम ने अनुभवी त्रिभुवन आर्मी एफसी (नेपाल) को 1–1 की बराबरी पर रोक कर टूर्नामेंट में अपना पहला अंक हासिल किया। मैच की शुरुआत से ही लद्दाख की टीम पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ खेल रही थी। मुकाबले के 23वें मिनट में डिफेंडर सिजू ने कॉर्नर से आए शानदार क्रॉस पर हेडर लगाकर गोल दागा और डूरंड कप में गोल करने वाले पहले लद्दाखी खिलाड़ी बन गए। हालांकि पहला हाफ खत्म होने से पहले 40वें मिनट में त्रिभुवन आर्मी एफसी के खिलाड़ी निराजन धामी ने शानदार काउंटर अटैक के दौरान संयमित फिनिश करते हुए स्कोर को बराबर कर दिया। इसके बाद हाफ टाइम तक स्कोर 1–1 रहा। दूसरे हाफ में त्रिभुवन आर्मी एफसी ने आक्रामक शुरुआत की और गेंद पर ज्यादा नियंत्रण बनाए रखा। उनके मिडफील्डर्स ने मैच की रफ्तार को नियंत्रित करते हुए कई मौके बनाए, लेकिन लद्दाख की रक्षापंक्ति और गोलकीपर की सतर्कता ने उन्हें कोई और गोल करने नहीं दिया।

दूसरी ओर डूरंड के शिलांग में खेले गए एक अन्य मैच में गत विजेता नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने अपने खिताब बचाव अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में की। शुक्रवार को ग्रुप-ई मुकाबले में टीम ने मलेशियन आर्म्ड फोर्सेस एफटी 3–1 से शिकस्त दी। इस जीत के हीरो रहे मोरक्कन स्ट्राइकर अलाअद्दीन अजराई, जिन्होंने मैच में हैट्रिक (23’, 29’, 70’) कर टीम को जीत दिलाई। मैच की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कड़े मिडफील्ड संघर्ष से हुई, लेकिन 23वें मिनट में डेब्यू कर रहे एंड्रेस रोड्रिगेज के शानदार थ्रू बॉल पर अजराई ने पहला गोल दागा। इसके महज 6 मिनट बाद 29वें मिनट में जितिन एमएस के शानदार पास पर अजराई ने दूसरा गोल कर बढ़त को दुगुना कर दिया।

दूसरे हाफ में मलेशियाई टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन नॉर्थईस्ट की रक्षापंक्ति और गोलकीपर दिपेश चौहान ने कोई ढील नहीं दी। 70वें मिनट में बेकी ओरम के लॉन्ग पास पर अजराई ने डिफेंडरों को छकाते हुए शानदार गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को 3–0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। मलेशियन टीम की ओर से मुहम्मद आमिर फैसल ने 88वें मिनट में गोल कर स्कोर 3–1 किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यह गोल केवल सांत्वना बनकर रह गया। मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की संख्या 7500 से अधिक रही, जिनमें नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के मालिक और बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम भी शामिल थे। 81वें मिनट में स्पेनिश खिलाड़ी जाइरो सम्पेरियो का क्रॉसबार से टकराया शॉट स्टेडियम में रोमांच भर गया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles