नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत क्रिकेट टीम को सुपर-8 में साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 76 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच 72 रनों से जीतकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा।
अब भारत को सुपर-8 में अपना तीसरा और आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेलना है। इस मैच को वर्चुअल क्वार्टर फाइनल माना जा रहा है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में जगह पक्की करेगी। ऐसे में भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ रिकॉर्ड चर्चा में है, जो अब तक खासा कमजोर रहा है।
भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक लगभग सभी टीमों के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार देखने को मिला है, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ इससे थोड़ा विपरीत देखने को मिलता है। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कुल 4 मुकाबले खेले हैं, लेकिन उसमें से वह सिर्फ एक मैच ही जीतने में कामयाब हो सके हैं जबकि तीन मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में इस रिकॉर्ड को देखते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले इस मैच को भारतीय टीम बिल्कुल भी हल्के में लेने की भूल नहीं कर सकता है।
भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच टी20 वर्ल्ड कप में खेले गए मुकाबलों का परिणाम
- साल 2009 – वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से दर्ज की जीत
- साल 2010 – वेस्टइंडीज ने 14 रनों से जीता मुकाबला
- साल 2014 – भारतीय टीम ने 7 विकेट से दर्ज की जीत
- साल 2016 – वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से दर्ज की जीत
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल में हेड टू हेड रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें पलड़ा जरूर भारी दिखता है। भारतीय टीम ने अभी तक वेस्टइंडीज के खिलाफ कुल 30 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 19 को टीम इंडिया जहां जीतने में कामयाब रही है तो वहीं 10 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला रद्द रहा।

