चार स्पिनरों को जगह, केट क्रॉस बाहर, नैट सिवर-ब्रंट पहली बार कप्तानी करेंगी
लंदन. अगले महीने होने वाले महिला वनडे विश्व कप 2025 के लिए इंग्लैंड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। सबसे बड़ी खुशखबरी यह रही कि टीम की अनुभवी खिलाड़ी हीदर नाइट चोट से उबरकर विश्व कप टीम में शामिल हो गई हैं। मई में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ घरेलू सीरीज़ के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी, जिसके बाद से वे क्रिकेट से दूर थीं। लेकिन टीम प्रबंधन को भरोसा है कि नाइट टूर्नामेंट से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगी। वहीं बल्लेबाज़ डैनी वायट-हॉज की भी वनडे प्रारूप में वापसी हुई है। उन्हें पूरे समर सीज़न में नजरअंदाज किया गया था, लेकिन अब उनकी मौजूदगी से इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी को मजबूती मिलेगी। वायट-हॉज ने आखिरी बार वनडे मैच इसी साल जनवरी में ऐशेज़ सीरीज़ के दौरान खेला था।
इस बार भारत और श्रीलंका में होने वाले मैचों को देखते हुए इंग्लैंड ने अपनी टीम में चार स्पिनरों को शामिल किया है। सोफ़ी एकल्सटन स्पिन आक्रमण का नेतृत्व करेंगी, जिनका साथ लिंसी स्मिथ, चार्ली डीन और सारा ग्लेन देंगी। वहीं तेज़ गेंदबाज़ी विभाग की जिम्मेदारी लॉरेन बेल, लॉरेन फ़ाइलर और एम आरलट संभालेंगी। टीम में ऑलराउंडर के रूप में नैट सिवर-ब्रंट कप्तानी भी करेंगी, और यह उनका पहला आईसीसी टूर्नामेंट बतौर कप्तान होगा। टीम चयन में कुछ अहम खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है जिनमें माया बूशेर, एलिस डेविड्सन-रिचर्ड्स और केट क्रॉस शामिल हैं। इंग्लैंड का यह संतुलित दल 30 सितंबर से 2 नवंबर तक चलने वाले विश्व कप में खिताब की दावेदारी पेश करेगा।
इंग्लैंड का विश्व कप दल:
एम आरलट, टैमी बोमॉन्ट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफ़िया डंकली, सोफ़ी एकल्सटन, लॉरेन फ़ाइलर, सारा ग्लेन, एमी जोंस, हीदर नाइट, एमा लैंब, नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), लिंसी स्मिथ, डैनी वायट-हॉज

