नई दिल्ली: शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के नंबर एक खिलाड़ी आर प्रज्ञानंद फिडे ग्रैंड स्विस शतरंज के पहले दौर में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर जैफ्री शियोंग से भिड़ेंगे, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश का सामना फ्रांस के एटियेने बाकरोट से होगा। ओपन वर्ग में 116 और महिला वर्ग में 56 खिलाड़ी 855,000 डॉलर की इनामी राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिसमें से 625,000 डॉलर का पुरस्कार केवल ओपन वर्ग में दिया जाएगा। यह टूर्नामेंट अगले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफायर है।
शीर्ष वरीयता प्राप्त मैग्नस कार्लसन, फेबियानो कारुआना और हिकारू नकामूरा इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे हैं। कार्लसन क्लासिकल शतरंज को प्राथमिकता नहीं देते और विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेते। कारुआना पहले ही कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं, जबकि नकामूरा को यकीन है कि जनवरी 2026 तक की औसत रैंकिंग के आधार पर वह जगह बना लेंगे। ओपन और महिला वर्ग से दो कोटा स्थान तय किए जाएंगे।
इन तीनों के टूर्नामेंट में न खेलने से शीर्ष तीन वरीयता भारतीय खिलाड़ियों को मिल गई है। दुनिया के चौथे, पांचवें और छठे नंबर के खिलाड़ी प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी और गुकेश खिताब के प्रबल दावेदार होंगे। महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख भी ओपन वर्ग में उतरेंगी, क्योंकि वह महिला कैंडिडेट्स के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं और महिला वर्ग में भाग नहीं ले रही हैं। पहले दौर में उनका सामना हमवतन अभिमन्यु पुराणिक से होगा। भारत के 15 खिलाड़ी ओपन में और तीन महिला वर्ग में उतरेंगे। महिला वर्ग में डी हरिका, पिछली विजेता आर वैशाली और वंतिका अग्रवाल भाग लेंगी। कोनेरू हम्पी महिला कैंडिडेट्स के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, इसलिए वह इस बार यहां नहीं खेल रही हैं।

