लंदन: फीफा विश्व कप 2026 एक ऐतिहासिक टूर्नामेंट होने जा रहा है, क्योंकि पहली बार इसमें रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा लेंगी। यह विश्व कप संयुक्त रूप से अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा, जो इसे और भी खास बना देता है। मेजबान होने के नाते अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा को स्वतः टूर्नामेंट में स्थान मिल गया है। इस बार का आयोजन न केवल आकार में बड़ा होगा, बल्कि विविधता और प्रतिस्पर्धा के लिहाज़ से भी फुटबॉल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक साबित होने वाला है।
अफ्रीका से छह देशों ने किया वर्ल्ड कप 2026 में एंट्री पक्की
अफ्रीकी महाद्वीप से अब तक छह देशों ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। सोमवार को केप वर्डे ने इतिहास रचते हुए पहली बार विश्व कप में अपनी जगह पक्की की, जो देश और अफ्रीकी फुटबॉल के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसके साथ ही अफ्रीका से जिन टीमों ने अब तक क्वालिफाई किया है, उनमें अल्जीरिया, मिस्र, घाना, मोरक्को, ट्यूनीशिया और केप वर्डे शामिल हैं। केप वर्डे की यह ऐतिहासिक एंट्री इस बात का संकेत है कि अफ्रीकी फुटबॉल किस तरह नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
एशिया से छह देशों की एंट्री
एशियाई महाद्वीप से अब तक छह टीमों ने 2026 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया है। इनमें ऑस्ट्रेलिया, ईरान, जापान, जॉर्डन, दक्षिण कोरिया और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। एशिया को कुल आठ सीधे स्थान मिले हैं, जबकि एक टीम इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ के जरिए अपनी जगह बनाएगी।
यूरोप को सबसे ज्यादा स्थान
फुटबॉल की सबसे मजबूत महाद्वीप यूरोप (UEFA) को इस बार 16 टीमों का सीधा कोटा मिला है। हालांकि अभी यूरोप की क्वालिफाइंग प्रक्रिया जारी है, लेकिन यह निश्चित है कि 16 यूरोपीय टीमें 2026 विश्व कप में हिस्सा लेंगी।
दक्षिण अमेरिका की ताकत बरकरार
दक्षिण अमेरिकी क्षेत्र से अब तक की छह बड़ी टीमें विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इनमें अर्जेंटीना, ब्राज़ील, कोलंबिया, इक्वाडोर, पैराग्वे और उरुग्वे शामिल हैं। इस महाद्वीप को छह सीधे स्थान मिले हैं, जबकि एक टीम इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ में जाएगी।
उत्तरी और मध्य अमेरिका की स्थिति
उत्तरी और मध्य अमेरिकी क्षेत्र (CONCACAF) को तीन सीधे स्थान मिले हैं। इसके अलावा तीन मेजबान देश- अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा पहले से ही क्वालिफाई कर चुके हैं। इस क्षेत्र की दो और टीमें इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ के जरिए विश्व कप में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।
ओशिनिया से न्यूजीलैंड ने पक्की की फीफा वर्ल्ड कप 2026 की टिकट
ओशिनिया फुटबॉल कॉन्फेडरेशन को पहली बार विश्व कप में गारंटीड स्थान मिला है। मार्च में न्यूजीलैंड ने यह स्लॉट पक्का कर लिया था। वहीं न्यू कैलेडोनिया इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ के जरिए क्वालिफाई करने की दौड़ में है।
वर्ल्ड कप में बाकी दो स्थान इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ से होंगे तय
कुल छह टीमें इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ में भिड़ेंगी, जिनमें से दो टीमें विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। यह प्लेऑफ मार्च 2026 में आयोजित होने की संभावना है।
अब तक क्वालिफाई करने वाली टीमें
मेजबान देश: अमेरिका, मेक्सिको, कनाडा
अफ्रीका: अल्जीरिया, केप वर्डे, मिस्र, घाना, मोरक्को, ट्यूनीशिया
एशिया: ऑस्ट्रेलिया, ईरान, जापान, जॉर्डन, दक्षिण कोरिया, उज्बेकिस्तान
दक्षिण अमेरिका: अर्जेंटीना, ब्राज़ील, कोलंबिया, इक्वाडोर, पैराग्वे, उरुग्वे
ओशिनिया: न्यूजीलैंड

