वाराणसी: सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रादेशिक समन्वय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच स्कोर बराबर रहने के कारण नतीजा टाई ब्रेकर से तय किया गया। टाई ब्रेकर में वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा मंडल की टीम को 4-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में वाराणसी ने तेज गति से खेल शुरू करते हुए आगरा मंडल के पेनल्टी एरिया में हलचल मचाई लेकिन गोलकीपर ने बचाव कर गोल की संभावना को खत्म किया। खेल के 14वें मिनट में वाराणसी की रक्षापंक्ति खिलाड़ी से टकराकर लौटी गेंद पर रिबाउंड किक से गोल कर साक्षी ने आगरा को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोल करने के बाद आगरा की टीम जहां रक्षात्मक खेलना शुरू किया। वाराणसी मंडल लगातार हमले करती रही लेकिन आगरा की गोलकीपर मनीषा से पार नहीं पा सकी।
खेल के 44वें मिनट में वाराणसी को उस समय सफलता मिली जब उनकी शालिनी वर्मा ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच ड्रॉ होने में पर निर्णय के लिए टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया। वाराणसी मंडल ने टाई ब्रेकर में 4-2 से मुकाबला अपने नाम किया। वाराणसी मंडल की ओर से कोमल, नंदनी, शालिनी वर्मा, और चांदनी पटेल ने स्कोर किए। आगरा की ओर से सपना व रिशिका गोल करने में कामयाब हो सकीं। इस प्रकार वाराणसी ने फाइनल मुकाबला 5-3 के स्कोर से जीतकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और विशिष्ट अतिथि अवैतनिक सचिव यूपी फुटबाल संघ मोहम्मद शाहिद ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
महिला वर्ग की यह पांच दिवसीय प्रतियोगिता एक से आठ अगस्त तक आयोजित हुई। शुरुआती पांच दिनों तक मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले गए, जबकि अंतिम तीन दिनों में भी नॉकआउट प्रारूप अपनाया गया। प्रतियोगिता में दो ग्रुप में पांच-पांच और दो अन्य पूल में चार-चार टीमों ने भाग लिया, जिसमें कुल 29 मैच संपन्न हुए। महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रादेशिक सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में 18 मंडलों की 288 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। यह जानकारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी वाराणसी, विमला सिंह ने दी।

