नई दिल्ली। भारत के दिग्गज हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह अब इंटरनेशनल हॉकी में खेलते नजर नहीं आएंगे। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने का फैसला किया है। बता दें कि भारत के लिए 350 से ज्यादा मैच खेल चुके सरदार सिंह हाल ही में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में भी हिस्सा लिया था। जहां भारतीय टीम अपना गोल्ड मेडल रिटेन नहीं कर पाई और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
संन्यास लेते हुए दिग्गज हॉकी खिलाड़ी ने कहा है कि, ‘मैं पिछले 12 सालों से देश के लिए खेल रहा हूं और यह काफी लंबा समय है। अब मुझे लगता है कि समय आ गया है कि मेरी जगह कोई युवा खिलाड़ी खेले। सरदार सिंह ने हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बात करते हुए अपनी बात कहीं।
इससे पहले इस साल ऑस्ट्रेलिया में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में ज्यादा उम्र होने के कारण उनको चुना नहीं गया था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी फिटनेस पर मेहनत की। उनकी मेहनत का ही नतीजा था कि उन्होंने चैंम्पियंस ट्रॉफी में जगह बनाई जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया था। वहीं एशियन गेम्स में टीम के जाने से पहले हुए यो-यो टेस्ट में सरदार सिंह पूरी टीम में सबसे फिट खिलाड़ी थे। यहां तक कि उनको यो-यो टेस्ट स्कोर भारत क्रिकेट टीम के सबसे फिट खिलाड़ी कप्तान विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया था। उनका यहां तक कहना है कि वे अभी इतना फिट हैं कि अभी कुछ साल और देश के लिए खेल सकते हैं। उन्होंने अपने संन्यास पर हॉकी टीम के राष्ट्रीय कोच हरेंद्र सिंह से भी बात की और वे इस फैसले से सहमत हैं।