नई दिल्ली: भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए साल 2024 निराशाजनक रहा। वह गलत कारणों से चर्चा में रहे। शॉ लंबे समय से टीम इंडिया से तो बाहर चल ही रहे हैं लेकिन अब घरेलू टीम मुंबई ने भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वहीं आईपीएल 2025 में वह नजर नहीं आएंगे क्योंकि ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने बताया कि करियर की गाड़ी को रास्ते पर लाने के लिए पृथ्वी शॉ को अब किसकी जरूरत है।
पृथ्वी शॉ को मेंटर की जरूरत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘कई बार खिलाड़ियों को मेंटरिंग की जरूरत है। कोई ऐसा जो आपको समझाए। जब आप सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहे होते, बहुत यश, बहुत पैसा कमा रहे होते हैं तब आपको कोई कंधे पर रखकर बताए, समझाए कि बेटा देख यह करना है। यहां अपना पैसा इनवेस्ट करना है, अपना समय यहां इनवेस्ट करना है। डाइट का ख्याल रखना है। फिटनेस पर फोकस करना है।’
शॉ को बहुत मेहनत करने की जरूरत
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘गाड़ी पटरी से उतर चुकी है। हालांकि उनके लिए अच्छी बात यह है कि उम्र उनके साथ है। उनके अंदर प्रतिभा है। बस उसे फिर से निखारना है। उनके वर्क एथिक्स पर सवाल है कि वह प्रैक्टिस मिस करते हैं। आईपीएल में भी अनुशासन की कई दिक्कतों के बारे में कहा गया। अगर इन सब बातों को 25 प्रतिशत भी सही है जो पृथ्वी शॉ को काम करना पड़ेग। इमेज बनाने में समय लगता है लेकिन खराब होने में नहीं लगता।
शॉ को फिर से काम करना है। उन्हें बहुत मेहनत करनी होगी, अभ्यास करना होगा, फोकस रखना होगा और लोगों को यकीन कराना होगा कि वह खेल के समर्पित हैं।’ मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, ‘पृथ्वी शॉ के साथ फिटनेस की समस्या रही है। इसके अलावा उन्होंने अपने प्रदर्शन से निराश किया है। इस खिलाड़ी को अपने फिटनेस पर काम करना चाहिए। साथ ही क्रिकेट मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।’