नई दिल्ली : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान की टीम नीदरलैंड्स जैसी कमजोर मानी जाने वाली टीम के खिलाफ नाकाम नजर आई। हालांकि टीम ने तीन गेंदें बाकी रहते तीन विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन बल्लेबाजी की हालत पूरी तरह बिखरी हुई दिखी। इस प्रदर्शन को देखकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर भी भड़क उठे। फहीम अशरफ ने नंबर-8 पर उतरकर टीम को हार से बचाया, लेकिन बाबर आजम, शादाब खान और नवाज जैसी अनुभवी बल्लेबाजों की कमजोर बल्लेबाजी पर बासित अली और कामरान अकमल ने जमकर नाराजगी जताई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बासित अली ने तंज कसते हुए कहा, ‘बाकी बैट्समैन चनाफली बेच रहे थे क्या?’ वहीं कामरान अकमल ने टीम को लेकर चेतावनी भी दे डाली, यह संकेत देते हुए कि अगर प्रदर्शन ऐसे ही रहा तो हालात गंभीर हो सकते हैं।
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली और कामरान अकमल ने पाकिस्तान की टीम के पहले T20 वर्ल्ड कप 2026 मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ नाकामी की आलोचना की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बासित अली ने कहा, ‘पाकिस्तान बच गया भाई! जब शाहीन शाह अफरीदी को बल्लेबाजी के लिए बुलाया जाता है, तो आप सोच सकते हैं कि उस मैच में टीम की बैटिंग कैसी रही होगी। बासित अली ने मिडिल ऑर्डर की खराब बल्लेबाजी को लेकर नाराजगी जताई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘खासकर बाबर आजम, नवाज और शादाब खान जैसी अनुभवी खिलाड़ियों की यह प्रदर्शन निराशाजनक रही। ये खिलाड़ी न सिर्फ दुनिया भर की लीग में खेले हैं, बल्कि पाकिस्तान सुपर लीग में भी उन्होंने दम दिखाया है। लेकिन आज वे पाकिस्तान के हीरो नहीं बने, बल्कि जीरो बन गए।
फैंस से बासित अली का संदेश: ‘टीम के हालात गंभीर हैं’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बासित अली ने कहा, ‘पाकिस्तान टीम में मैच चेंजर कौन है? आप उस देश के फैंस से क्या कहेंगे जो विकेट गिरने पर खुश होते हैं सिर्फ इसलिए कि इसका मतलब है कि बाबर आजम बैटिंग करने आएंगे। लेकिन फिर बाबर आते हैं और चले जाते हैं। आज पाकिस्तान के स्टार फहीम अशरफथे, जो नंबर 8 पर आए। बाकी बल्लेबाज चने बेच रहे थे क्या?’ कामरान अकमल ने भी पाकिस्तानी टीम के लिए तीखे शब्द कहे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कामरान अकमल ने कहा, ‘यह मैच आसानी से जीता जाना चाहिए था। इसके बजाय उन्होंने तीन गेंदें बाकी रहते इसे जीता। यह एक आदर्श शुरुआत नहीं थी। फहीम ने पाकिस्तान की इज्जत बचा ली। हमने पहले ही देख लिया है कि टीम USA भारत के खिलाफ क्या कर सकती है। अगर उनके गेंदबाज फिट हैं तो पाकिस्तान को उन्हें हराने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।’
कामरान अकमल का सवाल: ‘हमेशा ऐसे कैसे फंस जाता है पाकिस्तान?’
कामरान अकमल ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि पाकिस्तान हमेशा कमजोर टीमों के खिलाफ मुश्किल में क्यों फंस जाता है। उन्होंने कहा, ‘कभी-कभी मुश्किल होना ठीक है, जैसे भारत USA के खिलाफ मुश्किल में था, लेकिन पाकिस्तान हर दो दिन में ऐसी टीमों के खिलाफ फंस जाता है। अगर कोई बड़ी टीम पांच या दस साल में एक बार खराब खेलती है, तो यह वाजिब लगता है, लेकिन यहां टीम का मजाक ही बन गया है।’ अकमल ने आगे कहा, ‘ऐसा लगता है कि हम पिछले सात वर्षों से यही बातें दोहरा रहे हैं। दुनिया की टीमों ने अपना स्तर बढ़ा लिया है। हमारे पास कोई क्लैरिटी क्यों नहीं है? मुझे यकीन है कि कोच ने गेमप्लान बता दिया होगा, लेकिन खिलाड़ियों में हिम्मत नहीं है या गेम की समझ ही नहीं है।’

