बहादुरगढ़: हरियाणा की पूर्व विश्व नंबर-1 महिला पहलवान सरिता मोर मां बनने के कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर कुश्ती के अखाड़े में वापसी की तैयारी कर रही हैं। 7 अक्टूबर को बेटे को जन्म देने के बाद सरिता ने सिर्फ 9 दिन में ही फिटनेस पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। उनके पति और कोच राहुल मान का कहना है कि सरिता करीब 40 दिन की परंपरागत अवधि पूरी होने के बाद ट्रेनिंग शुरू करेंगी।
सरिता ने कहा कि मैरी कॉम जैसी प्रेरणा उनके सामने है। “जब मैरी कॉम मां बनने के बाद तीन बार वर्ल्ड चैंपियन बन सकती हैं, तो मैं क्यों नहीं,” उन्होंने कहा। उनका लक्ष्य ओलिंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए मेडल जीतना है। डिलीवरी से पहले सरिता का वजन 88 किलो था, जो अब 76 किलो रह गया है। पति राहुल ने बताया कि अब वे 57 किलो वेट कैटेगरी में कमबैक करने की तैयारी में हैं। डाइट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि वजन नियंत्रित रहे।
सरिता मोर 2022 में 59 किलो वर्ग में विश्व रैंकिंग में नंबर-1 पर थीं और एशियाई चैंपियनशिप में चार पदक जीत चुकी हैं। उन्हें 2021 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। सरिता ने 2017 में पहलवान राहुल मान से शादी की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेटे के जन्म की खुशी साझा करते हुए लिखा—“नई जर्नी शुरू… वेलकम टू द वर्ल्ड, अवर बेबी ब्वाय।” सरिता ने कहा कि वह मां बनने के बाद भी अपने सपने पूरे करने की राह पर हैं। उन्होंने लिखा था—“ताकत रुकती नहीं, बल्कि रूपांतरित होती है।” जल्द ही वह दोबारा मैट पर लौटकर भारतीय महिला कुश्ती में अपनी नई पारी शुरू करेंगी।

