35.7 C
New Delhi
Thursday, March 12, 2026

KFC की यूनिफॉर्म से लेकर ऑस्ट्रेलियाई जर्सी तक – एलिसा हीली की प्रेरणादायक कहानी

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और विकेटकीपर एलिसा हीली (Alyssa Healy) ने अपने 15 साल के वर्ल्ड कप सफर में जो मुकाम हासिल किया है, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। हीली ने अपने शानदार प्रदर्शन और नेतृत्व से ऑस्ट्रेलियाई टीम को कई बार जीत दिलाई है। गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 को वह वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी, जिससे फैन्स के बीच जबरदस्त उत्साह है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोशल मीडिया पर एलिसा हीली की एक पुरानी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह क्रिकेट मैदान पर नहीं, बल्कि KFC की यूनिफॉर्म पहनकर काम करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर उनके शुरुआती दिनों की है, जब वह क्रिकेट करियर शुरू करने से पहले पार्ट-टाइम नौकरी किया करती थीं। आज वही एलिसा हीली दुनिया की सबसे सफल महिला क्रिकेटरों में से एक हैं।

यह तस्वीर साल 2010 की है। उस वक्त एलिसा ऑस्ट्रेलिया के कॉनकॉर्ड KFC आउटलेट पर काम करती थीं। हाल ही में उन्होंने इंग्लैंड की खिलाड़ियों केट क्रॉस और एलेक्स हार्टली के पॉडकास्ट ‘No Balls Cricket’ में उस दौर को याद किया। एलिसा हीली की यह कहानी याद दिलाती है कि जुनून सच्चा हो तो फ्रेंच फ्राइज परोसने वाले हाथ फिफ्टी और सेंचुरी मारने वाले बल्ले में बदल सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एलिसा हीली ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया, “हां, वह मैं ही थी। मैं यूनिवर्सिटी में मरीन बायोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी और उस दौरान KFC में पार्ट-टाइम काम करती थी। मुझे वह काम बहुत पसंद था।” उन्होंने मुस्कुराते हुए आगे कहा कि अब KFC उनकी टीम का मुख्य स्पॉन्सर है। एलिसा ने मजाकिया लहजे में कहा, “अब मुझे डिस्काउंट की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि मुझे गिफ्ट वाउचर मिल जाते हैं। लेकिन चूंकि अब मैं एक एलीट एथलीट हूं, इसलिए फास्ट फूड से दूरी बनाए रखती हूं।”

मैनेजर बनने से पहले आई ‘टीम ऑस्ट्रेलिया’ से जिंदगी बदल देने वाली कॉल

एलिसा हीली ने बताया कि जब वह उस KFC आउटलेट की मैनेजर बनने की ट्रेनिंग ले रही थीं, तभी उन्हें 2010 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में चुन लिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एलिसा हीली ने बताया, ‘मैंने मैनेजर से कहा कि मुझे ऑस्ट्रेलिया के लिए वर्ल्ड कप खेलने जाना है। उन्होंने कहा कि हम तुम्हारा नाम लिस्ट में रख देंगे, लौटना तो शिफ्ट मिल जाएगी, लेकिन मैं कभी वापस नहीं गई।’ एलिसा हीली ने मजाक में कहा कि शायद अब भी उनका नाम KFC कॉनकॉर्ड की लिस्ट में कहीं दर्ज हो।

दुख की घड़ी में संबल बना क्रिकेट

एलिसा हीली ने अपने करियर की शुरुआत एक बेहद मुश्किल दौर में की थी। अपनी बहन को खोने का गहरा दुख उनके जीवन का turning point साबित हुआ, और इसी समय क्रिकेट उनके लिए एक भावनात्मक सहारा बन गया। बचपन से ही वह खेलों में सक्रिय थीं और क्रिकेट के अलावा कई अन्य खेल भी खेलती थीं। यहां तक कि गोल्फ में भी उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई थी। उनके पिता ग्रेग हीली उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा थे और हर मैच की हर गेंद ध्यान से देखते थे, जबकि उनकी मां सैंड्रा हीली मजाक में कहती थीं, “मैं 10 मिनट से ज्यादा क्रिकेट नहीं देख सकती।”

क्रिकेटिंग DNA और साहसिक खेल

एलिसा हीली महान विकेटकीपर आयन हीली की भतीजी हैं, लेकिन उन्होंने अपने दम पर पहचान बनाई। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर क्रिस्टीना मैथ्यूज ने उनके शुरुआती करियर में उन्हें मार्गदर्शन दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रिस्टीना मैथ्यूज कहती हैं, ‘एलिसा हीली बिना डर के बल्लेबाजी करती हैं और विकेट के पीछे हमेशा जीवंत रहती हैं।’

सेमीफाइनल में अब भारत से होगी रोमांचक भिड़ंत

अब नवी मुंबई में होने वाले सेमीफाइनल में एलिसा हीली और उनकी टीम का सामना भारत से होगा। पिछली भिड़ंत में भारत ने 300 से अधिक का स्कोर खड़ा किया था और ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती झटके भी दिए थे। यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि दो क्रिकेट संस्कृतियों का संगम माना जा रहा है। एक ओर ऑस्ट्रेलिया की ‘चिकन जिंगर’ संस्कृति है, तो दूसरी ओर भारत का ‘वड़ा पाव’ जोश। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी आज फिटनेस के इतने प्रति‍बद्ध हैं कि कोई भी फास्ट फूड को हाथ तक नहीं लगाता!

वर्ल्ड कप में एलिसा हीली का तूफानी जलवा

इस वर्ल्ड कप में एलिसा हीली का बल्ला आग बरसा रहा है। उन्होंने अब तक चार पारियों में 98 के शानदार औसत और 131 के स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए हैं। हीली ने टूर्नामेंट में 47 चौके और तीन छक्के जड़े हैं, जिनमें दो शतक शामिल हैं — जिनमें से एक 142 रनों की बेहतरीन पारी रही। वह इस वर्ल्ड कप में दो शतक लगाने वाली सिर्फ दो बल्लेबाजों में से एक हैं। दूसरी बल्लेबाज उनकी साथी खिलाड़ी एश्ले गार्डनर हैं। वहीं भारत की स्मृति मंधाना 365 रनों के साथ फिलहाल शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles