नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की वनडे टीम में वापसी के बाद उनका नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। मौजूदा वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में उनका बल्ला शांत रहा, लेकिन दूसरे वनडे में उन्होंने 73 रन बनाकर अपनी वापसी की जोरदार हुंकार भरी। इसके बीच कई बातें और अटकलें भी सामने आ रही हैं, जैसे फेयरवेल मैच, फेयरवेल सीरीज, और रोहित-विराट के रिटायरमेंट को लेकर चर्चा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी को लेकर हेड कोच गौतम गंभीर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। दरअसल यह वीडियो दूसरे वनडे मैच के बाद का है जब टीम के खिलाड़ी और स्टाफ होटल पहुंच रहे थे। इसमें गौतम पीछे से आवाज देकर रोहित से फेयरवैल मैच का जिक्र करते हुए कुछ कहते हैं। इसके जवाब में रोहित बोलते कुछ नहीं हैं बल्कि हंसते हुए जाते रहते हैं।
हेड कोच गौतम गंभीर ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल होटल में एक साथ प्रवेश करते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके आगे पूर्व कप्तान रोहित शर्मा चल रहे हैं। इसी बीच गंभीर रोहित को आवाज देते हैं और कहते हैं, “रोहित, रोहित… सबको लग रहा था कि फेयरवेल मैच है, एक फोटो तो लगा दो।” इसे सुनकर रोहित भी हंसते हैं, और गंभीर के साथ जा रहे शुभमन गिल भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ते हैं।
क्या वीडियो से मिला रिटायरमेंट का इशारा?
अब इस वीडियो के बाद एक बार फिर से रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर भी चर्चा होने लगी है। कई लोगों का कहना है कि यह उनकी फेयरवेल सीरीज है। वहीं जिस तरह टीम के अंदर वह फिट नजर आ रहे हैं, अपना वजन उन्होंने घटाया और अभी भी अपने बल्ले की चमक बिखेरी, वो देखकर लगता है कि वह 2027 वर्ल्ड कप से पहले शायद कहीं नहीं जाएंगे। फैंस भी इस वीडियो को शेयर करते हुए अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वहीं, गौतम गंभीर के इस वायरल वीडियो में दोनों मजाकिया अंदाज में नजर आ रहे हैं। हेड कोच हंसते-खेलते रोहित से वही बात कह रहे हैं जो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है, और इसके जवाब में रोहित भी हंसते हुए आगे बढ़ जाते हैं। फिलहाल, न तो रोहित और न ही कोच की तरफ से ऐसा कोई संकेत मिला है कि वह रिटायरमेंट लेने वाले हैं।
जितना सक्रिय रोहित शर्मा नजर आ रहे हैं, उससे लग रहा है कि वह कम से कम अगली साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज और उसके बाद न्यूजीलैंड सीरीज में जरूर खेलेंगे। इन दोनों सीरीज में उनके प्रदर्शन के आधार पर ही उनके और विराट कोहली के भविष्य को लेकर कोई निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल ऐसा प्रतीत होता है कि रोहित पूरी तरह से वर्ल्ड कप में खेलने के लिए तैयार हैं।

