नई दिल्ली: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) से बाहर होने वाले ऋतुराज गायकवाड़ का बयान सोशल मीडिया पर जारी किया है। गायकवाड़ 30 मार्च को कोहनी में लगी चोट के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए। उन्हें 30 मार्च को लगी थी। हालांकि, उन्होंने उस चोट के बावजूद दो मैच खेले, लेकिन अंततः उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
गायकवाड़ की अनुपस्थिति में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी एमएस धोनी के हाथों में होगी। गुरुवार देर रात सीएसके ने सोशल मीडिया पर गायकवाड़ का एक वीडियो अपलोड किया। इसमें उन्होंने सीजन से बाहर होने पर अपनी निराशा व्यक्त की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि धोनी की कप्तानी में चीजें बदलेंगी।
उम्मीद है कि चीजें बदलेंगी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऋतुराज गायकवाड़ ने वीडियो में कहा, ” दुर्भाग्यपूर्ण कोहनी की चोट के कारण आईपीएल से बाहर होने से वाकई बहुत दुखी हूं। लेकिन अब तक आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। हां, हम कुछ समय से संघर्ष कर रहे हैं। आप जानते हैं कि अब एक युवा विकेटकीपर टीम का नेतृत्व करेगा। उम्मीद है कि चीजें बदलेंगी।”
कुछ चीजों पर कंट्रोल नहीं होता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऋतुराज ने कहा, “मैं टीम के साथ रहूंगा। उनका पूरा समर्थन करूंगा। निश्चित रूप से इस टीम को इस स्थिति से बाहर निकालना पसंद करूंगा, लेकिन आप जानते हैं कि कुछ चीजों पर कंट्रोल नहीं होता। जैसा कि मैंने कहा, निश्चित रूप से डगआउट से टीम का समर्थन करने के लिए उत्सुक हूं और उम्मीद है कि हमारा आने वाला सीजन शानदार रहेगा। धन्यवाद।”
चेन्नई सुपर किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से
चेन्नई सुपर किंग्स ने 2025 की शुरुआत मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत से की थी। इसके बाद उसे लगातार 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। वह अंक तालिका में 9वें नंबर पर है। चेन्नई सुपर किंग्स को छठा मुकाबला शुक्रवार (11 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से खेलना है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में वह जीत की राह पर लौटना चाहेगी।