नई दिल्ली : भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर अपने स्वभाव के मुताबिक हमेशा काफी संजीदा नजर आते हैं। टीम इंडिया के विश्व कप जीतने के बाद भी उनका रिएक्शन ज्यादा उत्साहित नहीं दिखा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब वह कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ आए, तब भी उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब बेहद गंभीर अंदाज में दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने हाल ही में वनडे सीरीज में मिली हार का भी जिक्र कर दिया। इससे साफ झलक रहा था कि ऑल-फॉर्मेट कोच होने के नाते वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और इशारों-इशारों में वनडे टीम के प्रदर्शन पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
गौतम गंभीर जब भी मीडिया के सामने आते हैं तो अपने बेबाक बोल से कुछ ना कुछ सुर्खियां जरूर बटोरते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी बीच टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जब गौतम मीडिया से रूबरू हुए तो उन्होंने एक सवाल का जवाब देत हुए वनडे सीरीज की हार का जिक्र कर दिया। इसके बाद फैंस का यह मानना था कि हेड कोच अभी भी पूरी तरह खुश नहीं हैं।
वनडे हार पर क्या बोले गौतम गंभीर?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दरअसल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने सवाल किया, “भारत ने पिछले चार आईसीसी टूर्नामेंट में सिर्फ दो मैच गंवाए हैं। क्या अब यह कहा जा सकता है कि यह भारतीय क्रिकेट टीम का एरा है?” इस पर हेड कोच गौतम गंभीर ने साफ और दो टूक जवाब दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने हाल की वनडे सीरीज में मिली हार का जिक्र करते हुए कहा, “देखिए, व्हाइट बॉल क्रिकेट की बात करूं तो हम पिछली तीन में से दो वनडे सीरीज हार चुके हैं। अगर सच में कोई एरा होता, तो हम वे दोनों सीरीज नहीं हारते।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गंभीर ने आगे कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट का दबाव अलग होता है और वहां परिस्थितियां भी अलग रहती हैं। हालांकि उन्होंने साफ कर दिया कि वह किसी ‘एरा’ में विश्वास नहीं करते। उनके मुताबिक जब भी टीम भारत के लिए मैदान पर उतरे, तो उसका फोकस सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने पर होना चाहिए।
दरअसल गौतम गंभीर ने जिन दो वनडे सीरीज में हार का जिक्र किया, उनमें से एक टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई थी। वहीं दूसरी वनडे सीरीज भारत ने अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गंवाई थी। शुभमन गिल के वनडे टीम की कमान संभालने के बाद भारत इन दोनों सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ केएल राहुल की कप्तानी में टीम इंडिया ने वनडे सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की थी।

