नई दिल्ली : भारत को सुपर-8 में अपना आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है, जो इस टूर्नामेंट की एक मजबूत टीम के रूप में जानी जाती है। इस टीम को हराने के लिए भारत को कड़ी मेहनत करनी होगी, क्योंकि यह आसान नहीं होने वाला है। इस मैच को लेकर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान Sourav Ganguly ने भारतीय टीम को सावधान किया और कहा कि वेस्टइंडीज को भी इस मुकाबले में जीत हासिल हो सकती है।
पावर-हिटर्स से सजी वेस्टइंडीज की टीम
इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच से पहले गेम की टैक्टिक्स पर बात करते हुए भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि यह एकतरफा मैच नहीं हो सकता। रेव स्पोर्ट्स के मुताबिक गांगुली ने कहा कि ये मैच 50-50 का मैच होगा। आप सिर्फ ये नहीं कह सकते कि भारत आगे है क्योंकि वेस्टइंडीज के पास कई पावर-हिटर हैं। अगर उनमें से एक या दो भी चल गए तो वो मैच अपने नाम कर सकते हैं इसलिए भारत को अपना बेस्ट क्रिकेट खेलना होगा।
भारतीय गेंदबाजों की भूमिका होगी निर्णायक
वेस्टइंडीज की जबरदस्त बैटिंग लाइनअप के खिलाफ मैच जीतने के लिए भारत की गेंदबाजी काफी अहम होगी। गांगुली ने वरुण चक्रवर्ती के फॉर्म को लेकर थोड़ी चिंता जताई जिनके खिलाफ विरोधी टीम पूरी तैयारी करके आते हैं। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने भी वरुण को काफी अच्छे से खेला और वो इन दोनों टीमों के खिलाफ ज्यादा सफल नहीं हो पाए थे। गांगुली ने साफ तौर पर कहा कि वरुण का लय में नहीं होना काफी चिंता की बात है।
बुमराह होंगे भारत के सबसे महत्वपूर्ण गेंदबाज
गांगुली ने आगे कहा कि Varun Chakravarthy को बल्लेबाजों ने अब पढ़ लिया है और वे उनके खिलाफ आक्रामकता दिखा रहे हैं। वरुण भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं और टीम के प्रमुख विकेट टेकर माने जाते हैं। इसके बाद उन्होंने Jasprit Bumrah के बारे में कहा कि वह टीम के सबसे अहम और भरोसेमंद गेंदबाज हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी बुमराह की भूमिका निर्णायक होगी और उनके चार ओवर मैच के परिणाम पर बड़ा असर डाल सकते हैं।

