31.6 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

रोहित शर्मा की बल्लेबाज़ी के मुरीद बने गौतम गंभीर, हर्षित राणा पर दी प्रतिक्रिया

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ में भारत को 1-2 से हार झेलनी पड़ी, लेकिन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के शानदार प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींच लिया। रोहित ने दूसरे मैच में अर्धशतक और तीसरे मुकाबले में शतक ठोका, जिसके चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ का खिताब मिला। भारतीय कोच गौतम गंभीर ने भी रोहित के प्रदर्शन की खुलकर सराहना की और उन्हें ड्रेसिंग रूम में ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ घोषित किया। वहीं, सिडनी में खेले गए अंतिम वनडे में युवा गेंदबाज हर्षित राणा ने चार विकेट लेकर प्रभावित किया। गंभीर ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वह इसी तरह मेहनत और निरंतरता बनाए रखें।

बीसीसीआई टीवी की ओर से जारी वीडियो में गौतम गंभीर ने कहा, “हमने आज कुछ खास करने की बात की थी और हम इसकी चाहत दिखाना चाहते थे। हम भूख दिखाना चाहते थे। हम अपनी जान झोंकना चाहते थे। मुझे लगा कि हमने सब कुछ किया। हमने सभी उम्मीदें पूरी कीं। खासकर शुरुआत में मुझे लगा कि बॉलर्स ने बहुत बढ़िया काम किया।”

गौतम गंभीर ने हर्षित राणा को दी खास सलाह

गंभीर ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती 10 ओवरों में बिना किसी नुकसान के 63 रन बना लिए थे, ऐसे में उन्हें 237 रन पर रोकना टीम की शानदार कोशिश थी, और इसमें हर्षित राणा का योगदान सबसे खास रहा। हर्षित ने बेहतरीन स्पेल डाला। मैं बस इतना कहना चाहूंगा — हमेशा विनम्र रहो, जमीन से जुड़े रहो और कड़ी मेहनत जारी रखो। यह तुम्हारे करियर की शुरुआत है, अंत नहीं।”

रोहित शर्मा पर गौतम गंभीर का बड़ा बयान

गंभीर ने कहा, “बल्लेबाज़ी के दौरान शुभमन गिल और रोहित शर्मा के बीच की साझेदारी बेहद अहम थी। टीम ने 60 रन बिना विकेट खोए बनाए, जिसके बाद रोहित और विराट के बीच भी शानदार तालमेल देखने को मिला। रोहित का एक और बेहतरीन शतक आया, और सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने और विराट ने मिलकर मैच को अंत तक खत्म किया। टीम के दृष्टिकोण से यह जीत बहुत महत्वपूर्ण थी और इसने दिखाया कि लक्ष्य का पीछा करते हुए हम कितनी मजबूती से खेल सकते हैं।”

रोहित शर्मा बने इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज़

इसके बाद गौतम गंभीर ने घोषणा की कि टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रूक्स “इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज़” का सम्मान प्रदान करेंगे। एड्रियन ले रूक्स ने रोहित शर्मा को यह मेडल देते हुए कहा, “मेरे लिए यह बहुत सम्मान की बात है कि मैं यह पुरस्कार दे रहा हूं। यह मेरी पहली वनडे सीरीज़ थी जिसमें मैं टीम के साथ जुड़ा और पहली बार ड्रेसिंग रूम में इस माहौल को महसूस किया। यह सम्मान उस खिलाड़ी के लिए है जिसने इस सीरीज़ में असली प्रभाव छोड़ा — एक सच्चा लीडर, एक अनुभवी खिलाड़ी जिसने आज अपने प्रदर्शन से यह साबित किया। इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज़ — रोहित शर्मा।”

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles