एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल के स्थानीय बाबे आली क्रिकेट स्टेडियम पर शुक्रवार को पांचवें सैय्यद शकील मोहम्मद ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार उद्घाटन हुआ। समारोह में डीआईजी रियाज़ इकबाल, लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर, डीएसपी आशीष भट्टाचार्य, बीडीसीए उपाध्यक्ष जुनेद किदवई सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष सैय्यद अयान शकील के नेतृत्व में टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन अवसर पर फ्रेंडली मुकाबला पत्रकार इलेवन और आईपीएस इलेवन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार इलेवन ने प्रदीप भट्ट की विस्फोटक पारी के दम पर 177 रन बनाए। प्रदीप भट्ट ने 36 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पीसी रजक ने 25 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आईपीएस इलेवन की टीम रवि के 71, अंकुर के 34 और अकील के 24 रनों के बावजूद 167 रन ही बना सकी। पत्रकार इलेवन की ओर से प्रभात शुक्ला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। इस तरह पत्रकार इलेवन ने यह मुकाबला 10 रनों से जीतकर फ्रेंडली ट्रॉफी अपने नाम की। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदीप भट्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के लीग मुकाबले शनिवार से शुरू होंगे, जिसमें देशभर की टीमें हिस्सा लेंगी।

