34.9 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

हरभजन सिंह का तीखा वार, आकाश चोपड़ा की दो टूक: बेवजह दखल देता है पाकिस्तान

नई दिल्ली : पाकिस्तान कब क्या फैसला ले ले और कब क्या बयान दे दे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। अब पाकिस्तान ने दावा किया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा तो लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। पाकिस्तान के इस रुख को लेकर आईसीसी ने कड़ी चेतावनी जारी की है और अब उसे पीसीबी के आधिकारिक जवाब का इंतजार है। इस पूरे मामले के बीच पाकिस्तान की इस ‘गीदड़भभकी’ पर कई पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है और उसके फैसले पर सवाल खड़े किए हैं।

हरभजन सिंह ने पाकिस्तान की हरकत पर जताया गुस्सा

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने आजतक से बातचीत में पाकिस्तान के उन क्रिकेटरों पर तीखा हमला किया, जो कह रहे हैं कि भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलना चाहिए। हरभजन ने कहा कि ये सोच उनकी क्रिकेटिंग करियर के समय से ही दिखती थी। उन्होंने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान की आम जनता से पूछा जाए, तो वे भी इन खिलाड़ियों को पागल कहेंगे। हरभजन ने यह भी याद दिलाया कि वहां के लोग वास्तव में भारत-पाकिस्तान मैच देखना चाहते हैं, और जब भारत-पाकिस्तान के बीच पहले मुकाबले हुए थे, तब ये खिलाड़ी बिना किसी हिचकिचाहट के खेल में उतर चुके थे। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी घटनाओं के बावजूद ये खिलाड़ी भारत के खिलाफ खेलते रहे, इसलिए अब अचानक यह रुख समझ में नहीं आता।

भज्जी ने आगे बांग्लादेश के बारे में बात करते हुए कहा कि किसी के घर में आग लगी है और आप (पाकिस्तान) वहां भागीदार बनने चले आए हो। बांग्लादेश को भारत नहीं बल्कि आईसीसी ने कहा है कि आप ये टूर्नामेंट मत खेलो और इसमें पाकिस्तान का क्या लेना-देना है। वो बीच में बस बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना बन रहा है। पाकिस्तान को इससे क्या लेना देना है कि बांग्लादेश खेलने आए या नहीं आए, बांग्लादेश कोई ऑस्ट्रेलिया है कि वो नहीं आएगी तो टूर्नामेंट रुक जाएगा।

पाकिस्तान के इस रुख पर हरभजन सिंह ने कहा कि अगर वे अपनी टीम को फिर से मजबूत स्थिति में देखना चाहते हैं, तो बिना खेले ऐसा नहीं हो पाएगा। उन्होंने जोड़ा कि पाकिस्तान को श्रीलंका में कोई समस्या नहीं है क्योंकि यह एक न्यूट्रल वेन्यू है, फिर भी वे बस ऐसा करके विवाद खड़ा कर रहे हैं। हरभजन ने सुझाव दिया कि आईसीसी को स्पष्ट रूप से निर्देश देना चाहिए कि बांग्लादेश और पाकिस्तान दोनों को नियम के तहत खेलना ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने जो कहा, आईसीसी ने उसका पालन किया, इसके बावजूद वे लगातार ऐसी हरकत कर रहे हैं, जो खेल भावना के खिलाफ है।

आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान को कहा पाखंडी मुल्क

पाकिस्तान के रुख पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से मना कर दिया, जबकि आईसीसी ने उनकी बात मानते हुए उन्हें न्यूट्रल वेन्यू उपलब्ध कराया था। इसके बावजूद पाकिस्तान ने मैच खेलने से इनकार कर दिया, और सबसे खास बात यह है कि यह फैसला उसी दिन आया जब अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हुआ। आकाश ने सवाल उठाया कि क्या यह टीम वास्तव में उनकी है, और यह कितना बड़ा पाखंड है कि एक टीम भारत के खिलाफ खेल रही है और दूसरी नहीं। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान के इस पाखंड पर अब पूरी दुनिया को निर्णय लेने की जरूरत है क्योंकि यह व्यवहार अब बर्दाश्त के बाहर हो चुका है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles