नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं। दोनों टीमें इस मैच में जीत के लिए पूरा जोश और ताकत लगाएंगी, और जीतने वाली टीम अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करते हुए सुपर 8 की रेस में आगे बढ़ेगी। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय प्लेइंग इलेवन में कोलंबो की पिच को देखते हुए कुछ बदलाव किए जा सकते हैं और टीम इंडिया एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ मैदान पर उतर सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार माना जा रहा है कि कुलदीप यादव को अंतिम 11 का हिस्सा बनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो भारत पाकिस्तान के खिलाफ बुमराह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती जैसे गेंदबाजों का इस्तेमाल करेगा।
हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ लिए हैं सबसे ज्यादा विकेट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कहा तो जा रहा है कि कोलंबो में स्पिन का जादू चलेगा और ये सच भी है, लेकिन कोलंबो में हार्दिक पंड्या पाकिस्तान के खिलाफ कहर बरपा सकते हैं इस बात की भी पूरी संभावना है। दरअसल भारत-पाकिस्तान टी20 इंटरनेशन मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दोनों टीमों की तरफ से हार्दिक पहले स्थान पर हैं जिन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक खेले 9 मैचों में सबसे ज्यादा 15 विकेट लिए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनका बेस्ट प्रदर्शन 8 रन देकर 3 विकेट है।
बुमराह ने पाकिस्तान के खिलाफ 7 मैचों में 9 विकेट लिए हैं, जबकि कुलदीप यादव ने 3 मैचों में 8 विकेट चटकाए हैं। अक्षर पटेल ने इस टीम के खिलाफ 5 मैचों में 5 विकेट लिए हैं, वहीं वरुण चक्रवर्ती ने 4 मैचों में 3 विकेट हासिल किए हैं। यानी आंकड़ों के हिसाब से अन्य भारतीय गेंदबाजों की तुलना में हार्दिक पंड्या सबसे प्रभावी दिख रहे हैं। वैसे, कोलंबो की पिच पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाराबानी ने 4 और इवांस ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की बोलती बंद कर दी थी। इससे स्पष्ट होता है कि कोलंबो की पिच पर भारतीय तेज गेंदबाज भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

