नई दिल्ली: लीड्स टेस्ट मैच में टीम इंडिया की हार की सबसे बड़ी वजह उनकी खराब गेंदबाजी और फिल्डिंग रही थी। भारतीय बल्लेबाजों ने दोनों पारियों में खूब रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह के अलावा कोई भी बॉलर कुछ खास कमाल नहीं कर पाया था। यही वजह रही कि इंग्लैंड ने 371 रनों के टारगेट को चौथी पारी में बड़ी आसानी से हासिल कर लिया। जसप्रीत बुमराह के अलावा इस टीम में मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, जिनसे हर बार टीम को काफी उम्मीदें रहती हैं। लेकिन सिराज के खराब फॉर्म ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है। पिछले एक साल से वह टेस्ट क्रिकेट में उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।
इंग्लैंड सीरीज से पहले सिराज ने अपना पिछला टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान खेला था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में सिराज ने कुल 20 विकेट निकाले थे। वहीं जुलाई 2024 से लेकर अब तक सिराज ने कुल 10 टेस्ट मैच खेले हैं। उन 10 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में वह 37.50 के गेंदबाजी औसत से सिर्फ 28 विकेट हासिल कर पाए हैं। पिछले 12 महीने में सिराज एक बार भी पांच विकेट हॉल नहीं ले पाए हैं। सिराज के इन आंकड़ों को देखकर जाहिर तौर पर कप्तान और टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ जाएगी।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ अपना दूसरा टेस्ट मैच 2 जुलाई से एजबेस्टन में खेलना है। टीम इंडिया हर हाल में इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में वापसी करना चाहेगी और इसके लिए भारतीय गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अगर जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से दूसरे टेस्ट मैच से बाहर होते हैं तो उस स्थिति में सिराज पर विकेट लेने की अधिक जिम्मेदारी होगी। अब देखना ये होगा कि सिराज दूसरे टेस्ट मैच में कैसा प्रदर्शन करते हैं। पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज में फिलहाल इंग्लैंड की टीम 1-0 से आगे है।

