26.1 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

Hockey Asia Cup: भारतीय हॉकी टीम की नजरें विश्व कप क्वालीफिकेशन पर, पहला मुकाबला चीन से

राजगीर: तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम पिछले कुछ समय के खराब फॉर्म को भुलाकर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट जीतने और अगले साल होने वाले विश्व कप में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी। टीम का पहला मुकाबला शुक्रवार को चीन से होगा। पूल ए में भारत और चीन के अलावा जापान और कजाखस्तान को रखा गया है, जबकि पूल बी में पांच बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं।

पाकिस्तान ने एशिया कप हॉकी से अपना नाम वापस लिया

कजाखस्तान इस एशिया कप में तीन दशक के बाद पहली बार हिस्सा ले रही है और उसने ओमान की जगह ली है, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश की जगह खेलना था, लेकिन अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और भारत के ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से अपना नाम वापस ले लिया। टूर्नामेंट में हर पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जबकि फाइनल सात सितंबर को होगा। यह टूर्नामेंट अगले साल 14 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिए भारत का सर्वश्रेष्ठ और आखिरी मौका है। भारत ने पहला मौका गंवा दिया था, जब यूरोपीय चरण में खराब प्रदर्शन के कारण वह एफआईएच प्रो लीग में सातवें स्थान पर खिसक गया।

एशिया कप हॉकी: डिफेंस में कोताही पड़ सकती है भारी

भारत ने हाल ही में खेले गए आठ मैचों में केवल एक जीत हासिल की और सात मैच लगातार हारे, जिसके चलते कोच क्रेग फुल्टोन को एशिया कप में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारनी पड़ी। फुल्टोन ने माना कि एशिया कप इस साल का सबसे अहम टूर्नामेंट है। भारत को इस टूर्नामेंट में शीर्ष रैंकिंग प्राप्त है और टीम आलोचकों का मुंह बंद करने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करना चाहेगी। इसके लिए कोच फुल्टोन को अपनी रक्षण-प्रधान रणनीति बदलनी होगी, जो प्रो लीग में सफल नहीं रही। भारत ने आठ मैचों में कुल 26 गोल गंवाए और कई बार डिफेंडरों की गलती के कारण हार का सामना किया। इस टूर्नामेंट में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम को डिफेंस में कोई कोताही नहीं बरतनी होगी।

भारत की चिंता का एक बड़ा कारण पेनल्टी कॉर्नर भी है, जिसमें अधिकांश जिम्मेदारी हरमनप्रीत सिंह पर रहती है। उनकी अनुपस्थिति में अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और संजय अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके हैं। प्रो लीग के यूरोप चरण में गोलकीपिंग भी चिंताजनक रही है। पी आर श्रीजेश के संन्यास के बाद कृशन बहादुर पाठक और सूरज करकेरा दबाव में दिखाई दिए। पाठक हवा में आती गेंद पर काबू नहीं पा सके और करकेरा दबाव झेलने में असफल रहे। भारत ने 2023 एशियाई खेलों और 2024 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में कुल 14 मैचों में 94 गोल किए। हालांकि, टीम को आत्ममुग्धता से बचना होगा, क्योंकि 2022 एशिया कप में उसे केवल कांसे से संतोष करना पड़ा था।

भारत का पहला मुकाबला चीन से

भारत को शुक्रवार को चीन से खेलना है, जो विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर है, लेकिन इसे हलके में नहीं लिया जा सकता। चीन की टीम जवाबी हमलों में माहिर है और 2009 में मलयेशिया में हुए एशिया कप में तीसरे स्थान पर रही थी। चीन ने अब तक केवल एक बार, 2008 में मेजबान होने के नाते, ओलंपिक खेला था और 11वें स्थान पर रहा था, जबकि 2018 विश्व कप में टीम 10वें स्थान पर रही। चीन की टीम में अधिकांश खिलाड़ी मंगोलिया के हैं, जो बरसों से हॉकी से मिलता-जुलता खेल खेलते आ रहे हैं। पहले दिन अन्य मैचों में मलेशिया का सामना बांग्लादेश से होगा और दक्षिण कोरिया की टीम चीनी ताइपै से भिड़ेगी। इसके बाद जापान और कजाखस्तान के बीच मुकाबला होगा।

भारतीय टीम

गोलकीपर : सूरज करकेरा, कृशन बी पाठक।
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह (कप्तान) , अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह।
मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर, राज कुमार पाल और हार्दिक सिंह।
फॉरवर्ड : मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह।

चीन की टीम

चेन चोंगकोंग (कप्तान), ओ शू, चेन किजुन, गाओ जीशेंग, चेन चेंगफू, मेंग युआनफेंग, ली पेंगफेइ, लू युआंलिन, मेंग दिलहाओ, शू जीबिन, दू शिंहाओ, झांग शियाओजिया, ओ शुझू, मेंग नान, लिन चांगलियांग, गुओ शियाओलोंग, वांग वेइहाओ, वांग केइयू, ओ यांग, चेन बेनहाइ।

हॉकी एशिया कप 2025 का पूरा कार्यक्रम
दिनांक मैच ग्रुप समय
29 अगस्त मलयेशिया बनाम बांग्लादेश बी सुबह 9:00 बजे
29 अगस्त दक्षिण कोरिया बनाम चीनी ताइपे बी सुबह 11:00 बजे
29 अगस्त जापान बनाम कजाखस्तान दोपहर 1:00 बजे
29 अगस्त भारत बनाम चीन दोपहर 3:00 बजे
30 अगस्त बांग्लादेश बनाम चीनी ताइपे बी दोपहर 1:00 बजे
30 अगस्त दक्षिण कोरिया बनाम मलयेशिया बी दोपहर 3:00 बजे
31 अगस्त चीन बनाम कजाखस्तान दोपहर 1:00 बजे
31 अगस्त जापान बनाम भारत दोपहर 3:00 बजे
1 सितंबर बांग्लादेश बनाम दक्षिण कोरिया बी दोपहर 1:30 बजे
1 सितंबर मलयेशिया बनाम चीनी ताइपे बी दोपहर 3:30 बजे
1 सितंबर चीन बनाम जापान शाम 5:30 बजे
1 सितंबर भारत बनाम कजाखस्तान शाम 7:30 बजे
3 सितंबर एम13: पूल ए की 3rd टीम बनाम पूल बी की 4th टीम (5/8वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
3 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 5:00 बजे
3 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 7:30 बजे
4 सितंबर एम16: पूल बी की 3rd टीम बनाम पूल ए की 4th टीम (5/8वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
4 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 5:00 बजे
4 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 7:30 बजे
6 सितंबर एम13 की हारी हुई टीम बनाम एम16 की हारी हुई टीम (7/8वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
6 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 5:00 बजे
6 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 7:30 बजे
7 सितंबर एम13 की जीती हुई टीम बनाम एम16 की जीती हुई टीम (5/6वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
7 सितंबर सुपर4s की 3rd टीम बनाम सुपर4s की 4th टीम (3/4वां स्थान) वर्गीकरण शाम 5:00 बजे
7 सितंबर सुपर4s की 1st टीम बनाम सुपर4s की 2nd टीम फ़ाइनल शाम 7:30 बजे

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles